Deoghar News:चांदमारी मोहल्ले में घरों के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट लाइन हटेगी, छह माह बाद मिली बड़ी राहत
छह माह पहले उठाई गई मांग पर बिजली विभाग ने शुरू की कार्रवाई
मधुपुर के चांदमारी मोहल्ले में घरों के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट हाईटेंशन बिजली लाइन को जल्द सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा। करीब छह माह पहले स्थानीय लोगों ने इस समस्या को मंत्री के समक्ष उठाया था, जिसके बाद बिजली विभाग ने कार्रवाई शुरू की।
देवघर: मधुपुर शहर के चांदमारी मोहल्ले के लोगों को लंबे समय से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन से जुड़ी गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा था। मोहल्ले के कई घरों की छतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन लोगों के लिए लगातार खतरा बनी हुई थी। विशेषकर बरसात के मौसम में बिजली तारों के कारण हादसे की आशंका से क्षेत्र के लोगों में हमेशा भय और चिंता का माहौल बना रहता था।
स्थानीय लोगों ने इस गंभीर समस्या को लगभग छह माह पूर्व माननीय मंत्री के समक्ष उठाया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंत्री ने तत्काल बिजली विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके बाद विभाग द्वारा तकनीकी प्रक्रिया शुरू की गई। रेलवे क्षेत्र से संबंधित पोल एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने में कुछ समय लगा, लेकिन अब सभी आवश्यक पोल और उपकरण उपलब्ध हो चुके हैं। बिजली विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी है कि लाइन स्थानांतरण का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। कार्य पूरा होने के बाद घरों के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा, जिससे मोहल्लेवासियों को बड़ी राहत मिलेगी और संभावित दुर्घटनाओं की आशंका भी काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।


Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.
Related Posts


Latest News


