बाबूलाल का हेमंत को एक और खत…हो सकता है यह अच्छा न लगता हो, पर आदित्यपुर के मामले में करें हस्तक्षेप
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अर्जुन मुंडा, रघुवर दास व सरयू राय के द्वारा उठाये गए मुद्दों का ध्यान दिलाया
रांची : भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने एक बार फिर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिख कर राज्य की औद्योगिक स्थिति से अवगत कराया है. पत्र में उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए लिखा है कि वे बंद पड़ी औद्योगिक गतिविधियों खासकर आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में टाटा मोटर्स सहित सैकड़ों छोटी-बड़ी इकाइयों और उससे प्रभावित विषयों की तरफ आकृष्ट कराना चाहता हूं. मरंाडी ने लिखा है कि हो सकता है कि विभिन्न मसलों पर आए दिन मेरा इस प्रकार पत्र लिखना आपको अच्छा नहीं लगता हो. परंतु एक सजग नागरिक और जनप्रतिनिधि होने के नाते यह मेरा दायित्व है जो मैं निभाता रहूंगा.


जैसी जानकारी मिल रही है कि अन्य कई राज्यों में टाटा मोटर्स की इकाइयां खुल रही हैं. उत्तराखंड के पंतनगर और गुजरात के साणंद प्लांट में कामकाज शुरू हो चुका है. कई और स्थानों पर भी आज-कल में कामकाज प्रारंभ होने की सूचना है.
इस संदर्भ में केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, विधायक सरयू राय, उद्यमी संगठनों ने भी अपने-अपने तरीके से आपका ध्यान आकृष्ट कराने का प्रयास किया है. बावजूद पता नहीं क्यों आपने इस गंभीर विषय पर अब तक संज्ञान नहीं लिया है. मैं चर्चाओं के विस्तार में जाना नहीं चाहता. फिलहाल इन इकाइयों का राज्य और मजदूर हित में चालू होना अति आवश्यक है. जैसी जानकारी प्राप्त हो रही है कि कंपनी प्रबंधन भी तमाम मानकों की तैयारी के साथ राज्य सरकार के आदेश के इंतजार में खड़ी है.
बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह किया है कि इस पर प्राथमिकता के तौर पर तत्काल व आज ही संज्ञान लेने की जरूरत है. यह राज्य की अर्थव्यवस्था के साथ प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष लाखों लोगों की रोजी-रोटी का भी मसला है. राज्य सरकार को आवश्यक गाइडलाइन जारी कर व सुरक्षा मानक तय करते हुए यहां कामकाज तत्काल प्रारंभ करने की जरूरत है. यह राज्यहित के साथ हजारों मजदूरों के भी हित में होगा.


