रांची के अखबारों की आज की सुर्खियां, सरयू ने पार्टी से जुदा की अपनी लाइन
रांची : झारखंड की राजधानी रांची से प्रकाशित होने वाले अखबारों में आज भाजपा के वरिष्ठ नेता सरयू राय की खबरें प्रमुखता से हैं. सरयू राय को अबतक भाजपा ने अपना उम्मीदवार नहीं बनाया है और नामांकन के दो ही दिन शेष बचे हैं, ऐसे में उनका धैर्य जवाब दे गया है.
प्रभात खबर ने सरयू राय के बयान को लीड खबर की हेडिंग बनाया है: मेरे नाम पर विचार न करे भाजपा नेतृत्व. अखबार ने लिखा है कि भाजपा की चैथी सूची में भी नाम नहीं होने पर सरयू राय बिफर पड़े. सरयू राय ने जमशेदपुर पूर्वी एवं पश्चिमी सीट से पर्चा खरीदा है. जमशेदपुर पश्चिमी सरयू राय सीटिंग सीट है, जबकि जमशेदपुर पूर्वी मुख्यमंत्री रघुवर दास की सीटिंग सीट है. यानी राय ने चुनाव में रघुवर को टक्कर देने का मन बना लिया है. अखबार ने लिखा है कि राय के कदम पर झामुमो एवं कांग्रेस की नजर है. हेमंत सोरेन का बयान है: हमें सरयू राय के अगले कदम का इंतजार. इरफान अंसारी का बयान है कि सरयू राय को भाजपा अपमानित कर रही है. वहीं, झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य का कथन है कि हम कांग्रेस से बात कर उचित निर्णय लेंगे.दैनिक जागरण की लीड स्टोरी की हेडिंग है: सरयू राय हुए बागी, कहा – नहीं चाहिए भाजपा का टिकट. सरयू राय ने यह भी कहा है कि उनके रहने या जाने से भाजपा पर क्या फर्क पड़ेगा, क्योंकि वह तो समुद्र है. सरयू राय ने माना है कि पार्टी ने उन्हें बहुत कुछ दिया है और बाॅस आॅलवेज राइट होता है. वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा का बयान है कि अगर सरयू बागी हुए तो पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिए जाएंगे. गिलुवा ने कहा कि प्रदेश से दिल्ली जो नाम भेजा गया उसमें जमशेदपुर पश्चिम के लिए उनका नाम सबसे टाॅप पर था और यह शीर्ष नेतृत्व का काम है कि वह क्या करे. उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते तीन-तीन नामों की अनुशंसा प्रत्येक सीट से की थी. हमारे लिए जो हो सका हमने किया.
दैनिक भास्कर ने सरयू राय प्रकरण को बेहद आकर्षक हेडिंग दिया है : सरयू में उफान. अखबार ने जमशेदपुर पूर्वी से उनकी उम्मीदवारी को लेकर लिखा है पश्चिम से पूरब की ओर सरयू. सरयू राय का बयान है: अब टिकट नहीं चाहिए, मुख्यमंत्री की सीट से पर्चा खरीदा है, नामांकन भी करूंगा. राजा पीटर एवं बंधु तिर्की के नामांकन को अखबार ने हेडिंग दिया है: जेल से पुलिस पहरे में आए दो पूर्व मंत्रियों ने भरे पर्चे. राजधानी दिल्ली की हवा-पानी खराब होने की खबर भी अखबार ने पहले पन्ने पर दी है.



