झारखंड : मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना के तहत सहायता राशि दोगुणी करेगी सरकार, प्रस्ताव तैयार
रांची : झारखंड में मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता की राशि राज्य सरकार दोगुणी करेगी। इसके लिए प्रस्ताव तैयार हो गया है, जिसे जल्द मंजूरी मिल सकती है। वर्तमान में इस योजना के तहत पांच लाख की सहायता मिलती है, जिसे बढाकर अब 10 लाख किया जाएगा।

वर्तमान में कैंसर, किडनी ट्रांसप्लांट, लीवर, एसिड अटैक सहित कई अन्य गंभीर रोगों में अधिक राशि की इलाज के लिए जरूरत मिल पाती है, लेकिन पांच लाख की सीलिंग होने के कारण उससे अधिक सहायता राशि राज्य सरकार से मिल नहीं पाती है, लेकिन अब ऐसा हो सकेगा।
मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत वर्तमान में तीन सालों तक अधिकतम आठ लाख रुपये वार्षिक आय वाले परिवारों के मरीजों को इलाज के लिए पांच लाख रुपये की सहायता राशि को स्वीकृत करने का अधिकार सिविल सर्जन की अध्यक्षता वाली कमेटी को है।
आयुष्मान भारत योजना के कवर दायरे में नहीं आने वाली बीमारियों के इलाज के लिए इस योजना के तहत जरूरतमंदों को लाभ दिया जाता है। नयी व्यवस्था बनने पर पांच लाख से अधिक की जरूरत होने पर सिविल सर्जन इसकी अनुशंसा राज्य समिति से करेंगे। इसमें स्वास्थ्य विभग, वित्त विभाग, कल्याण विभाग के सचिव सदस्य व रिम्स के निदेशक सदस्य होते हैं।
