Deoghar News: जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनीं फरियादें, कई मामलों का मौके पर हुआ समाधान
राशन कार्ड, पेंशन, मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना और राजस्व मामलों का मौके पर समाधान
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनी गईं। राशन कार्ड, पेंशन, मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना, भू-अर्जन, मुआवजा और राजस्व से जुड़े कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने और आम लोगों को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर से राहत दिलाने के निर्देश दिए।
देवघर: जिलावासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भू-अर्जन एवं मुआवजा भुगतान, झारखंड मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना, वृद्धा पेंशन, आवास तथा राजस्व से जुड़े मामलों को उपायुक्त के समक्ष रखा।
जनता दरबार में उपायुक्त ने एक-एक कर सभी फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों की जांच कर शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। वहीं राशन कार्ड में नाम जोड़ने, पेंशन, मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना और राजस्व से संबंधित कई मामलों का मौके पर ही संबंधित विभागों द्वारा निपटारा किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने अंचल स्तर पर लंबित मामलों को लेकर नाराजगी जताते हुए सभी अंचल अधिकारियों और राजस्व उप-निरीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता से जुड़े मामलों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने कहा कि आम लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े, यह सुनिश्चित किया जाए।

Related Posts


Latest News







