रांची के अखबारों की सुर्खियां : पत्थलगडी विवाद में सात की हत्या की आशंका, कैबिनेट विस्तार की नयी तारीख, अन्य खबरें
रांची : रांची के प्रमुख अखबारों ने आज सूबे की खबरों को कवर पेज पर प्रमुखता दी है. अखबारों ने पश्चिम सिंहभूम जिले में पत्थलगड़ी विवाद में सात की हत्या की आशंका को आज लीड खबर छापा है. इसके अलावा बंधु को झाविमो से बाहर किए जाने, झारखंड का प्रदूषण इंडेक्स, अमित शाह का सीएए को नहीं हटाने संबंधी बयान प्रमुखता से अखबारों में है.
प्रभात खबर ने पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदड़ी प्रखंड के बुरुगुलीकेरा गांव में पत्थलगड़ी समर्थकों एवं विरोधियों के बीच हुए विवाद और उसके बात कई लोगों की हत्या की आशंका को सबसे बड़ी खबर बनाया है. यह स्थल लोढाई स्थित सीआरपीएफ कैंप से 10 किलोमीटर दूर है. यहां सीआरपीएफ कैंप के जवान भी हेलिकाप्टर के जरिए ही आवाजाही करते हैं. पुलिस ने अबतक पक्के तौर पर इस बात की पुष्टि नहीं की है कि हत्या हुई है या नहीं. कुछ मीडिया रिपोर्ट में सात लोगों की हत्या की बात कही गयी है. अखबार ने पहले पन्ने पर एक खबर दी है कि कंधे में चोट की वजह से शिखर धनव आस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टेस्ट में टीम इंडिया से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह सैमसन को लिया गया है. माइक्रोसाॅफ्ट सीइओ सत्या नाडेला का बयान है कि जो देश अप्रवासियों को पनाह नहीं देंगे उन्हें बड़ा नुकसान होगा.


अखबार ने खबर दी है कि पनडुब्बी खरीद सौदे की दौड़ से अदानी समूह बाहर हो गया है. वहीं, लखनउ में गृहमंत्री अमित शाह ने जनसभा को संबोधित करते हुए यह संकल्प दोहराया है कि सीएए वापस नहीं लिया जाएगा. अखबार ने यह खबर भी प्रमुखता से दी है कि सूबे में कोयलांचल की हवा सबसे प्रदूषित है. पुलवामा में दो आतंकी के मारे जाने व राष्ट्रीय स्कूल तीरंदाजी में झारखंड के चैंपियन बनने की खबर भी अखबार में है.
दैनिक जागरण ने पश्चिम सिंहभूम जिले की घटना को लीड खबर बनाया है. शीर्षक है: पत्थलगड़ी का विरोध करने पर सात की हत्या. अखबार ने लिखा है कि दो दिन पूर्व की इस घटना की सूचना देने सोमवार को लापता लोगों के परिजन थाना पहुंचे. अखबार के अनुसार, पुलिस छानबीन कर ही रही थी कि उसे जंगल में शव मिलने सूचना मिली. वहीं, डीजीपी कमल नयन चैबे ने कहा है कि जबतक शव नहीं मिल जाते हैं तब तक किसी के मारे जाने की बात नहीं कही जा सकती है. अखबार ने खबर दी है कि पांच साल बाद राज्य में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर फिर से छुट्टी शुरू हुई है. 23 को इसलिए अवकाश रहेगा. वहीं, बंधु तिर्की को भीतरघात के आरोप में पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाये जाने की खबर भी पहले पन्ने पर है.


