Ranchi News: निर्वाचन आयोग से मिला कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल, अपनी मांगों एवं सुझावों से कराया अवगत
हरियाणा की तर्ज पर एक ही दिन में चुनाव कराने की रखी मांग
आयोग की टीम से हरियाणा की तर्ज पर झारखंड में भी एक चरण में चुनाव संपन्न कराने की मांग की गई ताकि सामाजिक समरसता को बिगाड़ने की मनसा रखने वाले अलग-अलग चरणों में संपन्न होने वाले चुनाव में धार्मिक तथा सांप्रदायिक ध्रुवीकरण का रास्ता ना अपना सके.
रांची: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देशानुसार प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय निर्वाचन आयोग के दल को आगामी विधानसभा चुनावो को लेकर अपनी मांगों एवं सुझावों से अवगत कराया. उक्त जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने बताया कि कांग्रेस की ओर से वरीय कांग्रेसी नेता विनय सिन्हा और शशिभूषण राय के दो सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने चुनाव आयोग से मुलाकात कर कांग्रेस का पक्ष रखा.
सोनाल शांति ने बताया कि कांग्रेस ने चुनाव आयोग के दल से झारखंड में समय पर चुनाव कराने तथा पूरे झारखंड में एक चरण में ही चुनाव संपन्न कराने सहित अन्य मांगों को रखा. उन्होंने बताया कि झारखंड में विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी को समाप्त हो रहा है तो समय पूर्व चुनाव कराने की कोई हड़बड़ी झारखंड में नहीं है. समय से पहले चुनाव कराने से विकास कार्य बाधित होंगे, चालू योजनाओं की गतिशीलता में कमी आएगी. लोकसभा चुनाव और मानसून के कारण इस वित्तीय वर्ष में विकास कार्यों की रफ्तार ने अभी जोर पकड़ना प्रारंभ किया है. अगले अक्टूबर माह में झारखंड में दुर्गा पूजा, दिवाली छठ जैसे बड़े त्योहार के कारण भी सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों के सामंजस्यता में कमी आएगी. त्योहारों के कारण लोकतंत्र के महापर्व में जनभागीदारी कम होने की संभावना है. त्योहारों के कारण बड़ी संख्या में लोग राज्य के बाहर जाते हैं. राज्य स्थापना दिवस,त्यौहार,भगवान बिरसा मुंडा जयंती को ध्यान में रखकर चुनाव की तिथि नवंबर के बाद तय की जाए.


Related Posts

Latest News

