ट्रेजरी घोटाले पर भाजपा का बड़ा हमला, कहा- सरकार ऑडिट से बचाने के लिए छिपा रही दस्तावेज
प्रतुल शाह देव ने प्रेस वार्ता कर सरकार की मंशा पर उठाए सवाल
झारखंड भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने ट्रेजरी घोटाले को लेकर हेमंत सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्पेशल ऑडिट कर रहे अकाउंटेंट जनरल (AG) को राज्य सरकार अब तक आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा रही है, जिससे जांच प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
रांची: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने आज प्रदेश मुख्यालय में प्रेस वार्ता करते हुए हेमंत सरकार पर ट्रेजरी घोटाले को दबाने का बड़ा आरोप लगाया। प्रतुल ने कहा सबसे पहले तो सरकार ने घोटाला सामने आने के बाद लंबे समय तक आना-कानी की। फिर दबाव में एसआईटी को बनाया। इसके गठन और सदस्यों पर भी अनेक प्रश्न उठ चुके हैं। जिन ट्रेजरी अफसर और डीडीओ के समय घोटाला हुआ था, वह अभी भी यथावत पदों पर बने हुए हैं।
प्रतुल ने कहा राज्य सरकार ने दिखावे के लिए एजी को स्पेशल ऑडिट के लिए 17 अप्रैल, 2026 को अनुशंसा भेजी थी। अकाउंटेंट जनरल ने इसे स्वीकार करते हुए उसी हफ्ते राज्य सरकार से ट्रेजरी घोटाले से संबंधित दस्तावेज मांगे थे। प्रतुल ने कहा कि प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य सरकार ने अभी तक एजी के द्वारा मांगे गए घोटाले से संबंधित कागजात डेढ़ महीनों से ज्यादा समय के बाद भी नहीं दिया है। जिसके कारण स्पेशल ऑडिट शुरू नहीं हो पाया है। यह पूरा प्रकरण सरकार की मंशा पर बड़ा प्रश्न चिन्ह खड़ा करता है। ऐसा लगता है सरकार किसी भी तरीके से समय को व्यतीत कर रही है ताकि मामले को रफा दफा किया जा सके।


Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.


