Pakur News: मासिक अपराध समीक्षा बैठक में एसपी के सख्त निर्देश, रथयात्रा ड्यूटी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित
पाकुड़ में पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में कानून-व्यवस्था, लंबित मामलों के निष्पादन, सड़क सुरक्षा और साइबर अपराध नियंत्रण पर विस्तृत समीक्षा की गई।
पाकुड़: पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, थाना एवं ओपी प्रभारी सहित शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में एसपी ने लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन, विशेषकर पॉक्सो, आईटी एक्ट एवं एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों में तेजी लाने, लंबित वारंट व कुर्की का निष्पादन करने तथा चरित्र सत्यापन, पासपोर्ट और परिवाद पत्रों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

चोरी, लूट, डकैती और गृहभेदन की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में नियमित गश्ती और सघन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा थानों में आने वाले शिकायतकर्ताओं के साथ शालीन व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का विधिसम्मत समाधान करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक के दौरान नाबालिग बच्चों की गुमशुदगी से संबंधित मामलों में मिशन वात्सल्य पोर्टल पर प्रविष्टि के लिए पुलिस पदाधिकारियों को प्रशिक्षण भी दिया गया। वहीं, जिले में रथयात्रा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति देकर सम्मानित किया गया।
बैठक के बाद आयोजित पुलिस सभा में एसपी ने पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.


