हजारीबाग हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा, प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
19 जुलाई को दर्ज हुआ था हत्या का मामला, पुलिस ने तेजी से की कार्रवाई
हजारीबाग के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में हुए चर्चित हत्याकांड का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी पवन कुमार दास को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में प्रेम प्रसंग हत्या की वजह सामने आया है।
हजारीबाग: जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में हुए चर्चित हत्याकांड का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर गठित विशेष छापामारी दल ने हत्या के मामले के प्राथमिक अभियुक्त पवन कुमार दास को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को मुफ्फसिल थाना को सूचना मिली थी कि विकास कुमार सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई है। सूचना के आधार पर मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 117/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1)/3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।


पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वजह प्रेम प्रसंग को बताया है। जांच में सामने आया कि एक युवती से मृतक विकास कुमार सिंह और आरोपी पवन कुमार दास, दोनों का संबंध था। आरोपी को जब इस संबंध की जानकारी मिली, तो उसने विकास कुमार सिंह को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 की रात आरोपी ने विकास कुमार सिंह को अत्यधिक शराब पिलाई। नशे की हालत में जमीन पर गिरने के बाद उसने विकास कुमार सिंह का सिर जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी को यह भी जानकारी थी कि मृतक के सीने में चिकित्सकीय उपकरण (मशीन) लगा हुआ था, जिससे उसकी शारीरिक स्थिति पहले से कमजोर थी।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस मोबाइल की जांच कर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।
छापामारी दल में शामिल अधिकारी
हत्याकांड के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी में मुफ्फसिल थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह, पुलिस पदाधिकारी जितेन्द्र भगत, अनुसंधानकर्ता शिवनाथ कुमार, रंजन कुमार तथा मुफ्फसिल थाना के सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
Related Posts

Latest News

