JPSC विवाद: छात्रों पर लाठीचार्ज की घटना दुर्भाग्यपूर्ण, सरकार संवाद से करे समस्याओं का समाधान : राजकुमार राज
रांची में आंदोलनरत छात्रों पर पुलिस लाठीचार्ज की रालोजपा प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार राज ने की कड़ी निंदा।
राजधानी रांची में विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज की राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार राज ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखना छात्रों का अधिकार है और समस्याओं का समाधान संवाद के जरिए होना चाहिए।
गिरिडीह : राजधानी रांची में विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज की राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार राज ने कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाना हर नागरिक और विशेषकर छात्रों का अधिकार है। ऐसे में छात्रों की समस्याओं का समाधान संवाद और सकारात्मक पहल के माध्यम से किया जाना चाहिए, न कि बल प्रयोग के जरिए।
राजकुमार राज ने कहा कि छात्र किसी भी राज्य की सबसे बड़ी ताकत और भविष्य होते हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं, नियुक्तियों और परीक्षा व्यवस्था से जुड़ी उनकी मांगों को गंभीरता से सुनना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। यदि छात्रों के मन में किसी परीक्षा या नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर असंतोष है, तो सरकार को उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठकर उनकी शंकाओं का समाधान करना चाहिए।

उन्होंने छात्रों से भी अपील की कि वे अपनी मांगों को लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से रखें तथा किसी भी प्रकार की हिंसा या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से बचें।
राजकुमार राज ने कहा - “सरकार और छात्रों के बीच टकराव की स्थिति किसी के हित में नहीं है। जरूरत इस बात की है कि दोनों पक्ष संवाद की मेज पर बैठें और ऐसा समाधान निकले, जिससे छात्रों का भविष्य सुरक्षित हो तथा राज्य में प्रतियोगी परीक्षाओं और नियुक्ति प्रक्रिया के प्रति उनका विश्वास भी मजबूत हो।”
Related Posts


Latest News







