झारखंड सीटेट उत्तीर्ण सहायक अध्यापक संघ ने मंत्री को सौंपा ज्ञापन, सीधी नियुक्ति की मांग
तेलोडीह मुखिया शब्बीर आलम की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात
गिरिडीह में झारखंड सीटेट उत्तीर्ण सहायक अध्यापक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने तेलोडीह मुखिया शब्बीर आलम की अगुवाई में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। संघ ने पिछले 20 वर्षों से कार्यरत सीटेट उत्तीर्ण सहायक अध्यापकों को आगामी विशेष नियुक्ति प्रक्रिया में शामिल करने की मांग की।
गिरिडीह: झारखंड सीटेट (CTET) उत्तीर्ण सहायक अध्यापक संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने तेलोडीह (गिरिडीह प्रखंड) के मुखिया शब्बीर आलम की अगुवाई में झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा नगर विकास विभाग मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मंत्री को एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से संघ ने झारखंड के विभिन्न विद्यालयों में पिछले 20 वर्षों से कार्यरत सीटेट उत्तीर्ण सहायक अध्यापकों (पारा शिक्षकों) को आगामी विशेष नियुक्ति प्रक्रिया या समायोजन में शामिल करने की मांग की।

संघ ने यह भी कहा कि वर्ष 2016 के बाद से राज्य सरकार द्वारा झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) आयोजित नहीं की गई है। ऐसे में भारत सरकार द्वारा आयोजित केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) उत्तीर्ण सहायक अध्यापकों को नियुक्ति प्रक्रिया का लाभ दिया जाना आवश्यक है।
संघ के पदाधिकारियों और मुखिया शब्बीर आलम ने मंत्री से आग्रह किया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के आलोक में सीटेट उत्तीर्ण सहायक अध्यापकों के भविष्य को देखते हुए सहानुभूतिपूर्वक निर्णय लिया जाए और उन्हें अविलंब समायोजन एवं नियुक्ति प्रक्रिया में शामिल किया जाए।
मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा सौंपे गए ज्ञापन और सुप्रीम कोर्ट के आदेश की प्रति का अवलोकन करते हुए मामले में सकारात्मक पहल का भरोसा दिया।
इस मौके पर संघ के प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी, जिला संयोजक और बड़ी संख्या में सहायक अध्यापक मौजूद रहे।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
