बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार मामले पर भाजपा का हल्ला बोल: राफिया नाज़ ने की आरोपित अधिकारियों को बर्खास्त कर जेल भेजने की मांग
तेईस वर्षीय महिला कैदी के शोषण का आरोप
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राफिया नाज़ ने रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में एक 23 वर्षीय महिला कैदी के साथ कथित यौन शोषण, गर्भधारण और दबाव में गर्भपात कराए जाने की घटना को लेकर राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे मानवता पर कलंक बताते हुए आरोपित जेल अधिकारियों को तत्काल बर्खास्त कर गिरफ्तार करने और मामले की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराने की मांग की है। साथ ही, उन्होंने विपक्षी नेताओं की चुप्पी पर भी कड़े सवाल उठाए हैं।
रांची: भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राफिया नाज़ ने बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में एक महिला कैदी के साथ कथित यौन शोषण, गर्भधारण और दबाव में गर्भपात कराए जाने की घटना को झारखंड की कानून व्यवस्था और मानवता पर सबसे बड़ा कलंक बताया है। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक अपराध नहीं, बल्कि सत्ता संरक्षण में चल रहे संस्थागत शोषण का भयावह उदाहरण है।यहाँ तक महिला क़ैदी ने दोषियों के नाम भी बताए।
राफिया नाज़ ने कहा कि एक 23 वर्षीय मुस्लिम महिला कैदी के साथ महीनों तक जेल के ही अधिकारियों द्वारा कथित यौन शोषण किया गया। जब पीड़िता गर्भवती हुई तो पूरे मामले को दबाने के लिए उसका गर्भपात तक करा दिया गया। सबसे शर्मनाक बात यह है कि पीड़िता आज भी जेल में बंद है, जबकि आरोपित अधिकारी अब भी उसी जेल में अपने पद पर बने हुए हैं। यह स्थिति साफ दर्शाती है कि झारखंड में कानून नहीं, बल्कि सत्ता और पहुंच का राज चल रहा है।

उन्होंने कांग्रेस नेता आलमगिर आलम पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जिस समय यह पूरा मामला सामने आया, उस दौरान वे उसी जेल में बंद थे। लेकिन अपने ही समाज की एक बेटी पर हुए इतने बड़े अत्याचार पर उन्होंने एक शब्द तक नहीं बोला। “जमानत मिलने के बाद माला तो दिखाई दी, लेकिन पीड़िता के न्याय के लिए आवाज नहीं सुनाई दी। इससे साफ है कि तथाकथित सेक्युलर राजनीति में समाज की बेटियां सिर्फ वोट बैंक हैं, न्याय का विषय नहीं।”
उन्होंने राज्य सरकार के मंत्री इरफ़ान अंसारी और हाफिज़ूल हस्सान अंसारी पर भी हमला बोलते हुए कहा कि एक मंत्री बयानबाजी में व्यस्त हैं, जबकि दूसरे ने हमेशा की तरह चुप्पी ओढ़ रखी है। “जब महिलाओं की अस्मिता पर हमला होता है तब इन नेताओं की संवेदनशीलता और सेक्युलरिज्म दोनों गायब हो जाते हैं।”
राफिया नाज़ ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से जवाब मांगते हुए कहा कि उनके शासन में अपराधियों को संरक्षण और पीड़ितों को प्रताड़ना मिल रही है। उन्होंने कहा, “हेमंत सरकार के जंगलराज में अपराधी सुरक्षित हैं, पीड़िता सलाखों के पीछे है और सरकार राजनीतिक कैलकुलेटर चलाने में व्यस्त है।”
भाजपा ने मांग की है कि मामले की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराई जाए, आरोपित जेल अधिकारियों को तत्काल बर्खास्त कर गिरफ्तार किया जाए तथा पीड़िता को सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित किया जाए।
अंत में राफिया नाज़ ने कहा, “अगर यही व्यवस्था है, तो फिर अपराधियों को जेल भेजने की जरूरत ही क्या है? सीधे प्रशासनिक कुर्सी दे दीजिए। कम से कम सरकार का ढोंग तो खत्म होगा।”
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
