Giridih News: पीवीटीजी समुदायों के लिए महाअभियान, उपायुक्त रामनिवास यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ
समाहरणालय सभागार में अभियान का विधिवत शुभारंभ
गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव और उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने समाहरणालय सभागार में दीप प्रज्वलित कर विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTGs) के लिए विशेष जागरूकता एवं लाभुक संतृप्तिकरण अभियान का शुभारंभ किया। 18 से 25 मई 2026 तक चलने वाले इस अभियान के तहत जिले के चिन्हित जनजातीय गांवों में बेनिफिशियरी सैचुरेशन कैंप, विलेज इमर्शन ड्राइव और जनसुनवाई कार्यक्रमों के जरिए शत-प्रतिशत आच्छादन सुनिश्चित किया जाएगा।
गिरिडीह: उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रामनिवास यादव एवं उप विकास आयुक्त, स्मृता कुमारी द्वारा आज समाहरणालय सभागार में दीप प्रज्वलित कर पीवीटीजी समुदायों के लिए विशेष जागरूकता एवं लाभुक संतृप्तिकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह अभियान 18 मई से 25 मई 2026 तक जिले के चिन्हित जनजातीय क्षेत्रों में संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTGs) तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना एवं उन्हें सामाजिक, शैक्षणिक तथा स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं से शत-प्रतिशत आच्छादित करना है।
इस अवसर पर उपायुक्त, रामनिवास यादव ने कहा कि जनजातीय समुदायों के समग्र विकास के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान गांव-गांव में विशेष शिविर आयोजित कर पात्र लाभुकों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य जांच, शिकायत निवारण, आधारभूत सुविधाओं की जानकारी तथा अधिकारों के प्रति जागरूकता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं समन्वय के साथ संचालित करें ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए। आगे उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 19 मई से 25 मई तक विभिन्न पीवीटीजी गांवों में “Beneficiary Saturation Camps” आयोजित किए जाएंगे।

मौके पर अपर समाहर्ता, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, निदेशक डीआरडीए, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित थे।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
