Palamu News: जिला खनन टास्क फोर्स की बड़ी बैठक, उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के कड़े तेवर, कार्रवाई के निर्देश
समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित हुई महत्वपूर्ण समीक्षा
पलामू के जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता और एसपी कपिल चौधरी की उपस्थिति में मेदिनीनगर समाहरणालय में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक संपन्न हुई। बैठक में अप्रैल माह में जब्त 47 वाहनों और वसूले गए 32.48 लाख रुपये जुर्माने की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अवैध परिवहन वाले संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी लगाने तथा पुलिस-माइनिंग विभाग को संयुक्त रूप से सघन छापेमारी करने का सख्त निर्देश दिया।
मेदिनीनगर: जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक में डीसी ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की।इस दौरान जिला खनन पदाधिकारी सुनील कुमार ने अवैध खनन व परिवहन के विरुद्ध की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि अप्रैल माह में खनन विभाग द्वारा अवैध खनन व परिवहन में संलिप्त 47 वाहनों को जब्त किया गया तथा 32 लाख 48 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया है साथ ही तीन प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।
जिले में 22 ईंट भट्ठों की जांच की गयी,जिसमें सभी को नोटिस जारी किया गया है।जिला परिवहन विभाग द्वारा 65 वाहनों को जब्त कर 9 लाख 62 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया,जबकि वन विभाग की ओर से शून्य वाद दर्ज किए गये।वहीं विभिन्न अंचलों द्वारा की गई कार्रवाई में 40 वाहन जब्त किए गए,जिसमें सर्वाधिक हुसैनाबाद अंचल से सात वाहन जब्त हुए हैं। बैठक में डीसी ने अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध सघन छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि खनन से जुड़ी सभी गतिविधियां निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित हों, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
