Giridih News: तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकराई, दो युवक गंभीर घायल
शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने जा रहे थे दोनों युवक
गिरिडीह के बगोदर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जो शादी का निमंत्रण बांटने जा रहे थे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें धनबाद रेफर किया गया। लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता और आक्रोश है।
गिरिडीह: जिले के बगोदर थाना क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। ताजा घटना चिचाकी-बनपुरा मुख्य मार्ग पर थाना के समीप घटी, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक बगोदर थाना क्षेत्र के ग्राम दामा निवासी धर्मेंद्र कुमार महतो और योगेंद्र कुमार महतो हैं। वे शादी समारोह के निमंत्रण कार्ड बांटने सरिया की ओर जा रहे थे। बनपुरा-चिचाकी मुख्य पथ पर धरतीथान के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया। लाल रंग की अपाची बाइक सड़क किनारे के पेड़ से जोरदार टक्कर मारकर पलट गई।

घटना के बाद दोनों युवकों के परिजनों में कोहराम मच गया है। इधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि चिचाकी-बनपुरा सड़क पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। सड़क की स्थिति, तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
