बोकारो में ज्वेलर्स दुकान चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
29 मार्च को हुई थी चोरी की घटना
बोकारो जिले के पेटरवार थाना क्षेत्र में ज्वेलर्स दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी निसार अली उर्फ काला को गिरफ्तार कर लिया है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसके पास से चोरी किए गए सोने के आभूषण भी बरामद किए हैं।
बोकारो: बोकारो जिले के पेटरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत पिछरी दक्षिणी निवासी राजेंद्र प्रसाद दास के ज्वेलर्स दुकान में 29 मार्च को अज्ञात अपराधियों द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था, जिसके बाद आरोपी फरार हो गया था।
इस संबंध में राजेंद्र प्रसाद दास के लिखित आवेदन पर संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के निर्देशानुसार गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्य, फोटो एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी निसार अली उर्फ काला को गिरफ्तार किया।

इस छापेमारी दल में बेरमो थाना के पुलिस अवर निरीक्षक शाहिद अंसारी, पुलिस अवर निरीक्षक प्रभात किरण कोकिल, आरक्षी जितेंद्र राम, चंद्रपुरा थाना के पुलिस अवर निरीक्षक अमरजीत कुमार तथा आरक्षी दिलीप कुमार महतो शामिल थे।
