गिरिडीह में करोड़ों की ठगी का आरोप, राधा स्वामी संगठन के दफ्तर पर जुटे ग्राहक
वाहन दिलाने का वादा, अब किस्तें बंद; निवेशकों ने मांगा न्याय
गिरिडीह जिले के पचंबा थाना क्षेत्र स्थित बलखंजो में संचालित बताई जा रही 60-40 योजना को लेकर विवाद गहरा गया है। दर्जनों ग्राहकों ने संगठन पर वाहन योजना, शिक्षा सहायता और निवेश योजनाओं के नाम पर बड़ी राशि जमा कराने के बाद भुगतान बंद करने का आरोप लगाया है।
गिरिडीह: जिले के पचंबा थाना क्षेत्र स्थित बलखंजो में राधा स्वामी संगठन द्वारा संचालित बताई जा रही 60-40 योजना समेत अन्य योजनाओं में शामिल दर्जनों लोग आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। सोमवार को विभिन्न प्रखंडों से आए ग्राहक जब संगठन के कार्यालय पहुंचे तो वहां शटर बंद मिला। कार्यालय बंद देखकर लोगों की चिंता और नाराजगी बढ़ गई।
ग्राहकों का आरोप है कि संगठन के भरोसे कई लोगों ने दोपहिया वाहन खरीदे और बड़ी रकम जमा कराई। बदले में आश्वासन दिया गया था कि वाहन की मासिक किस्तों का भुगतान संगठन की ओर से किया जाएगा। शुरुआती कुछ महीनों तक किस्तें जमा भी की गईं, लेकिन बाद में भुगतान पूरी तरह बंद हो गया।


वहीं एक अन्य ग्राहक ने बताया कि उसने अपनी बेटी की पढ़ाई के लिए करीब डेढ़ लाख रुपये संगठन में जमा किए थे। बदले में हर माह चार हजार रुपये शैक्षिक सहायता देने का वादा किया गया था, लेकिन अब तक कोई राशि नहीं मिली।
प्रभावित लोगों का कहना है कि जब भी वे एजेंटों और संगठन के पदाधिकारियों से संपर्क करते थे, उन्हें जल्द भुगतान का आश्वासन दिया जाता था। लेकिन समय बीतने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
मामले में संगठन के प्रतिनिधियों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद मिला और कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।
ग्राहकों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर उनकी जमा राशि और बकाया किस्तों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.


