Dumka News: तेज रफ्तार का कहर: पेड़ से टकराई बाइक, जीजा-साला की दर्दनाक मौत
हादसे के बाद सड़क पर बिखरा खून, गांव में शोक की लहर
रामगढ़ प्रखंड के सिंदुरिया-मोहनपुर मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार पल्सर बाइक पेड़ से टकरा गई। हादसे में जीजा-साला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
दुमका: रामगढ़ प्रखंड अंतर्गत सिंदुरिया-मोहनपुर मुख्य मार्ग पर बुधवार को करीब 11:30 बजे एक भीषण सड़क हादसे में जीजा-साला की मौत हो गई। पल्सर बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
मृतक बाइक चालक की पहचान कोनापाथर निवासी फूलबाबू मड़ैया (22) के रूप में हुई है, जबकि दूसरे युवक की पहचान एतवारी मड़ैया के रूप में हुई है। एतवारी मड़ैया गोड्डा जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। दोनों रिश्ते में जीजा-साला थे।

घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि फूलबाबू मड़ैया की कुछ दिन पहले ही शादी हुई थी। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मोड़ पर स्पीड ब्रेकर, यातायात नियंत्रण एवं चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
