Palamu News: समाहरणालय में जन समाधान दिवस, उपायुक्त दिलीप सिंह शेखावत ने सुनीं शिकायतें, दिए कड़े निर्देश
बीडीओ एवं सीओ से दूरभाष पर संपर्क
पलामू जिले के मेदिनीनगर समाहरणालय सभागार में उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में 'जन समाधान दिवस' का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्रामीणों ने भूमि विवाद, सार्वजनिक रास्ता अतिक्रमण, 15वें वित्त आयोग में पेंडिंग भुगतान, एनएच-75 मुआवजा और अयोग्य लोगों को पीएम आवास दिए जाने जैसी शिकायतें दर्ज कराईं। जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर सभी मामलों का निष्पादन करने का सख्त निर्देश दिया।
मेदिनीनगर: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार में जन समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे आमजनों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को उपायुक्त के समक्ष रखा।जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की प्रति अग्रसारित करते हुए सभी मामलों में त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी मामलों का निष्पादन 15 दिनों के भीतर हर हाल में किया जाए।
जन समाधान दिवस में हुसैनाबाद वार्ड संख्या-16 निवासी रियाजुद्दीन अंसारी ने मोबिन आलम द्वारा घर का रास्ता अवरुद्ध किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं नीलांबर-पीताम्बरपुर प्रखंड अंतर्गत ग्राम चौरा के पंचायत समिति सदस्य ने 15वें वित्त आयोग वर्ष 2022-23 की योजना में भुगतान लंबित रहने एवं स्थानीय मुखिया द्वारा कमीशन मांगे जाने संबंधी शिकायत उपायुक्त के समक्ष रखी।इसके अलावा मेदिनीनगर शहर के साहित्य समाज चौक निवासी दीपक कुमार ने रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की। वहीं पड़वा प्रखंड निवासी अशोक साव ने एनएच-75 निर्माण हेतु अधिग्रहित भूमि का मुआवजा भुगतान नहीं किए जाने को लेकर आवेदन सौंपा।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
