Dumka News: उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने किया बहु-ग्रामीण जलापूर्ति योजना का औचक निरीक्षण
अधिकारियों को नियमित निगरानी और सतत समीक्षा के निर्देश
उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने मसानजोर डैम के कमारसली गांव में जामा और जरमुंडी प्रखंडों के लिए निर्माणाधीन बहु-ग्रामीण जलापूर्ति योजना का निरीक्षण किया। उन्होंने 1 लाख 60 हजार ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल देने वाली इस परियोजना के वाटर इंटेक कार्य को 45 दिनों में पूरा करने का कड़ा निर्देश दिया।
दुमका: उपायुक्त अभिजीत सिन्हा द्वारा आज मसलिया प्रखंड अंतर्गत कोलारकोंदा पंचायत के कमारसली गांव (मसानजोर डैम) में निर्माणाधीन जामा एवं जरमुंडी प्रखंडों के लिए संचालित बहु-ग्रामीण जलापूर्ति योजना का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति, निर्माण कार्य की गुणवत्ता तथा निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप कार्यों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त को अधिकारियों द्वारा बताया गया कि इस महत्वाकांक्षी योजना के माध्यम से जामा प्रखंड की 14 पंचायतों तथा जरमुंडी प्रखंड की 13 पंचायतों के 1 लाख 60 हजार से अधिक ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाना है। योजना के अंतर्गत वाटर इंटेक सहित अन्य आवश्यक संरचनाओं का निर्माण कार्य प्रगति पर है।


उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष बल देते हुए कहा कि सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं तकनीकी गुणवत्ता के अनुरूप किए जाएं। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, संरचनाओं की मजबूती तथा भविष्य में जलापूर्ति व्यवस्था के सुचारू संचालन को ध्यान में रखते हुए कार्य किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी करते रहने तथा कार्य की प्रगति की सतत समीक्षा करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक घर तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाना है और इस दिशा में संचालित योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करना सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि योजना पूर्ण होने के बाद जामा एवं जरमुंडी प्रखंड के लाखों ग्रामीणों को नियमित एवं स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


