Hazaribagh News: उपायुक्त हेमंत सती ने की स्वास्थ्य विभाग की व्यापक समीक्षा, दिए कई कड़े निर्देश
आयुष्मान भारत योजना की प्रगति की हुई जांच
हजारीबाग के उपायुक्त हेमंत सती ने स्वास्थ्य विभाग की बैठक कर सदर अस्पताल में ब्लड सेपरेटर मशीन की स्थापना को मंजूरी दी। डीडीसी रिया सिंह की उपस्थिति में हुई इस बैठक में शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं को सुधारने तथा टीबी से स्वस्थ हुए लोगों को ब्रांड एंबेसडर बनाने का निर्देश दिया गया।
हजारीबाग: उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं, अस्पतालों की आधारभूत संरचनाओं तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने हाल के दिनों में शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के निरीक्षण के क्रम में व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु दिए गए निर्देशों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की।
उन्होंने बिजली व्यवस्था, साफ-सफाई, पार्किंग, सोलर पैनल की मरम्मत एवं संचालन, मरीजों एवं परिजनों के लिए बैठने की व्यवस्था, कूलर, पंखे सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में अब तक प्रारंभ किए गए कार्यों की जानकारी प्राप्त की। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि निर्देशानुसार कार्यों को नियमित रूप से व्यवस्थित किया जा रहा है तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासनिक कार्यपद्धति अपनाते हुए समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर प्रबंधन एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर बल दिया।


टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने जिले में वर्तमान टीबी मरीजों की संख्या, उपचार की स्थिति तथा सरकार द्वारा संचालित कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि जो मरीज टीबी से पूर्णतः स्वस्थ हो चुके हैं, उन्हें कार्यक्रम का ब्रांड एंबेसडर बनाया जाए, ताकि वे अपने अनुभव साझा कर अन्य मरीजों को उपचार के प्रति प्रेरित कर सकें तथा समाज में जागरूकता बढ़ाई जा सके।
उपायुक्त ने सहिया की नियुक्ति की स्थिति की भी समीक्षा की तथा रिक्त पदों को शीघ्र भरने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी प्रखंडों के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) एवं हेल्थ सब-सेंटरों की अद्यतन स्थिति, उपलब्ध संसाधनों एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की।
बैठक में उपस्थित सभी प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य केंद्रों में बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था हेतु सोलर सिस्टम की स्थापना, एंबुलेंस की उपलब्धता, चिकित्सकों के रिक्त पदों की पूर्ति तथा आवश्यक उपकरणों के अधिष्ठापन की आवश्यकता की ओर उपायुक्त का ध्यान आकृष्ट कराया। इस पर उपायुक्त ने आवश्यक उपकरणों एवं सामग्रियों की आपूर्ति तथा अधिष्ठापन की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने का आश्वासन दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त रिया सिंह, मेडिकल सुपरिटेंडेंट, सिविल सर्जन, सभी प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


