Deoghar News: प्रथम सोमवारी से पहले महापौर ने कांवरिया रूटलाइन का किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं परखी
सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य शिविर और अन्य नागरिक सुविधाओं की तैयारियों की समीक्षा
राजकीय श्रावणी मेला 2026 की प्रथम सोमवारी से पहले देवघर नगर निगम के महापौर रवि कुमार राउत ने कांवरिया रूटलाइन और मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य शिविर और अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
देवघर: विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 की प्रथम सोमवारी की पूर्व संध्या पर देवघर नगर निगम की महापौर रवि कुमार राउत ने कांवरिया रूटलाइन का सघन निरीक्षण कर मेला व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ नगर आयुक्त सुलोचना मीणा, उपमहापौर, जोनल चेयरमैन, स्थानीय पार्षद तथा नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने कांवरिया पथ और रूटलाइन में श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य शिविरों तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। महापौर ने विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि प्रथम सोमवारी के अवसर पर किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रथम सोमवारी को उमड़ने वाली भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए सफाई व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। साथ ही स्वास्थ्य शिविरों को पूरी तरह सक्रिय रखने और जरूरतमंद श्रद्धालुओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि शिवभक्तों को किसी प्रकार का कष्ट न हो, इसके लिए नगर निगम और प्रशासन का पूरा अमला लगातार मुस्तैद है तथा मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जा रही है।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.





