Shravani Mela 2026: पहली सोमवारी पर सूचना सह सहायता केंद्र और मातृत्व विश्राम गृह बने श्रद्धालुओं का सहारा
पहली सोमवारी पर मेला क्षेत्र के सभी सहायता केंद्र पूरी क्षमता से रहे सक्रिय
राजकीय श्रावणी मेला, 2026 की पहली सोमवारी पर देवघर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच जिला प्रशासन की ओर से स्थापित 34 सूचना सह सहायता केंद्र और 10 मातृत्व विश्राम गृह पूरी तरह सक्रिय रहे। इन केंद्रों ने कांवरियों को मार्गदर्शन, खोए-पाए सामान की जानकारी, जलार्पण संबंधी सहायता तथा महिला श्रद्धालुओं, धात्री माताओं और शिशुओं को विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराईं।
देवघर: राजकीय श्रावणी मेला, 2026 की पहली सोमवारी पर बाबा नगरी देवघर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भारी भीड़ के बीच श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सहायता सुनिश्चित करने के लिए मेला क्षेत्र में स्थापित 34 सूचना सह सहायता केंद्र और 10 मातृत्व विश्राम गृह पूरी तरह सक्रिय रहे। इन केंद्रों पर तैनात कर्मियों ने 'सेवा ही संकल्प' की भावना को चरितार्थ करते हुए देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं को हरसंभव सहयोग प्रदान किया।
पहली सोमवारी के दौरान सूचना सह सहायता केंद्रों के माध्यम से हजारों कांवरियों को मार्गदर्शन, खोए-पाए सामान की जानकारी, मानवीय सहायता तथा बाबा मंदिर में सुलभ जलार्पण से जुड़ी आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराई गईं। आधुनिक तकनीक और बेहतर संचार व्यवस्था से लैस इन केंद्रों ने अपनों से बिछड़े श्रद्धालुओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई, जिससे मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली।

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.





