प्रिंस खान के वायरल वीडियो पर बाबूलाल मरांडी का हमला, बोले- झारखंड में गैंगवार जैसी स्थिति
झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गैंगस्टर प्रिंस खान के वायरल वीडियो को लेकर हेमंत सोरेन सरकार पर बड़ा हमला बोला है। मरांडी ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि झारखंड में पुलिस और अपराधियों के बीच गैंगवार जैसी स्थिति बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि संवेदनशील जिलों में पोस्टिंग को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं और आम जनता भय के माहौल में जी रही है। मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की है।
Prince Khan Viral Video: झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गैंगस्टर प्रिंस खान के एक वायरल वीडियो को लेकर राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर हमला बोला है। मरांडी ने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल उठाते हुए पुलिस और अपराधियों की कार्यशैली पर निशाना साधा।
शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए मरांडी ने कहा कि सामान्यतः पुलिस अपराधियों का पर्दाफाश करती है, लेकिन झारखंड में स्थिति उलट दिखाई दे रही है। गैंगस्टर प्रिंस खान का वायरल वीडियो न केवल पुलिस को खुली चुनौती दे रहा है, बल्कि धनबाद के एसएसपी के कार्यकाल का भी “मूल्यांकन” कर रहा है।
https://twitter.com/yourBabulal/status/2053029721039065320?s=20


उन्होंने आगे कहा कि राज्य में सत्ता संरक्षण की आशंका और भी गंभीर चिंता का विषय है। मरांडी ने दावा किया कि जब यह चर्चा आम हो जाए कि संवेदनशील जिलों में करोड़ों रुपये की बोली लगाकर पोस्टिंग ली जाती है, तो जनता का प्रशासन और कानून व्यवस्था पर भरोसा कमजोर होना स्वाभाविक है।
नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाया कि क्या ऐसी पोस्टिंग कानून व्यवस्था सुधारने के लिए की जा रही है या फिर यह किसी “एक्सटॉर्शन लाइसेंस” की तरह काम कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की।
मरांडी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि वसूली और भय के माहौल वाली यह कार्यशैली जारी रही, तो झारखंड की स्थिति “जंगलराज” से भी बदतर हो सकती है। उन्होंने कहा कि जब रक्षक ही भय का कारण बनने लगें, तब लोकतंत्र और जनता दोनों असुरक्षित महसूस करने लगते हैं। उन्होंने अंत में कहा कि अब राज्य की जनता पूछ रही है कि आखिर “एक्सटॉर्शन लाइसेंस” देने का यह कथित खेल कब तक चलता रहेगा।
Related Posts

Latest News

