रेलवे ने तैयार किया 50 बेडों वाला आइसोलेशन वार्ड, एसी बोगियों से हटाया जाएगा पर्दा
रांची: कोरोना वायरस को लेकर दक्षिण पूर्वी रेलवे के अंतर्गत रांची रेल मंडल अस्पताल में पचास बेड वाला आइसोलेशन वार्ड को तैयार किया है। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि आइसोलेशन के अलावा अस्पताल में एक आपात दल को तैनात किया गया है, जो चौबीसों घंटे सेवा देगा। उन्होंने बताया कि रेलवे के सफाई कर्मचारी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर लोगों के समपर्क में आने वाली दरवाजे का हैंडल, वाशबेसिन और टेबलों जैसी चीजों को नियमित अंतराल पर सैनिटाइज कर रहे हैं।
इसके अलावा सीपीआरओ संजय घोष ने बताया कि प्रमुख स्टेशनों और रेलवे जोन की लोकल ट्रेनों के डिब्बों में कोविड-19 के बारे में जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। साथ ही एसी कोच से पर्दा हटाने का निर्देश ईस्टर्न सेंट्रल रेलवे (ईसीआर) ने दिया। ईसीआर के जीएम एलसी त्रिवेदी ने बताया कि ईसीआर के सभी पांच डिवीज़न से चलने वाले मेल एक्सप्रेस ट्रेनों के एसी बोगियों से कोरोना के संक्रमण से बचाव के लिए पर्दों को हटाया जाएगा। कहा कि सभी यात्रियों द्वारा पर्दों को छूने से कोरोना के फैलने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए ईसीआर ने यह कदम उठाया।


