झारखंड चुनाव : पांच सालों में करोड़पति उम्मीदवारों में जबरदस्त इजाफा, ये हैं तीन सबसे अमीर प्रत्याशी
रांची : एसोसिएट आफ डेमोक्रेटिक रिफार्म, एडीआर ने झारखंड विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों की आर्थिक हैसियत का लेखाजोखा पेश किया है. एडीआर ने सभी 1216 उम्मीदवारों के चुनावी हलफनामे का विश्लेषण कर यह रिपोर्ट पेश किया है. एडीआर के अनुसार, 2014 के झारखंड विधानसभा चुनाव में जहां 17 प्रतिशत करोड़पति उम्मीदवार थे, वहीं 2019 के चुनाव में 24 प्रतिशत करोड़पति उम्मीदवार हैं. करोड़पति उम्मीदवार उन्हें माना जाता है जिनके नाम पर कम से कम एक करोड़ या उससे अधिक की संपत्ति हो.
ये हैं तीन सबसे अमीर उम्मीदवार
कांग्रेस के केएन त्रिपाठी झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 के सबसे अमीर उम्मीदवार हैं. वे डालटेनगंज से मैदान में हैं. उनके पास 53 करोड़ 53 लाख 44 हजार 510 रुपये की संपत्ति है. दूसरे नंबर पर जरमुंडी से लोजपा प्रत्साशी वीरेंद्र प्रधान सबसे धनी उम्मीदवार हैं. उनके पास 37 करोड़, 54 लाख, 14 हजार, 669 रुपये की संपत्ति है. तीसरे नंबर पर सबसे अमीर उम्मीदवार हैं पाकुड़ से आजसू प्रत्याशी अकील अख्तर. अकील अख्तर के पास 36 करोड 53 लाख 26 हजार 927 रुपये की संपत्ति है.
देवघर से बहुजन मुक्ति पार्टीके उम्मीदवार बसंत कुमार आनंद शून्य संपत्ति के स्वामी हैं.
ये हैं सबसे कम संपत्ति के मालिक
मंझगांव से निर्दलीय उम्मीदवार माधव चंद्र कुनकल मात्र दो हजार रुपये की संपत्ति के स्वामी हैं, हटिया से आइयूएमएल उम्मीदवार अब्दुल अजहर अंसारी मात्र साढे चार हजार रुपये की संपत्ति के मालिक हैं, वहीं चाईबासा से निर्दलीय उम्मीदवार पुष्पा सिंकु मात्र सात हजार रुपये की संपत्ति के मालिक हैं.
इन उम्मीदवारों के पास पैसा भी खूब, देनदारी भी खूब
झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 में तीन ऐसे उम्मीदवार हैं, जिनके पास खूब पैसे हैं और उन पर देनदारी भी खूब है. गोड्डा से राजद उम्मीदवार संजय प्रसाद यादव के पास 14 करोड़ 68 लाख, 16 हजार 227 रुपये की संपत्ति है, वहीं उन पर नौ करोड़, 67 लाख, 77 हजार, 994 रुपये की देनदारी है. गिरिडीह के लोजपा उम्मीदवार उपेंद्र कुमार शर्मा के पास 23 करोड़ 18 लाख 45 हजार 986 रुपये की संपत्ति है और उन पर नौ करोड़ 35 लाख की देनदारी है. हजारीबाग के भाजपा उम्मीदवार मनीष जायसवाल के पास 27 करोड़ चार लाख 55 हजार 104 रुपये की संपत्ति है, जबकि उन पर पांच करोड़, 38 लाख 11 हजार 296 रुपये की देनदारी है. इन पर आठ करोड़ 77 लाख 88 हजार 561 रुपये की डिस्ब्यूटेडे लेबिलिटी है.
Latest News



