देवघर के मधुपुर में झामुमो महिला नगर कमेटी की महिला सम्मेलन का हुआ आयोजन
मधुपुर विधानसभा स्तरीय महिला सम्मेलन का जल्द होगा आयोजन
मधुपुर: शहर के पत्थरचपट्टी स्थित एक निजी होटल सभागार में झामुमो महिला नगर कमेटी की एक दिवसीय महिला सम्मेलन आयोजित हुई। महिला सम्मेलन के बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण व नगर विकास मंत्री हफीजुल हसन ने काफी संख्या में उपस्थित महिलाओं को देखकर लबरेज थे। उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जिस तरह 1857 में देश को आजाद करने के लिए सिदो-कान्हू, चांद -भैरव के साथ उनकी बहन फूलो झानो आंदोलन में कूद गई थी। ठीक इसी तरह उनके हौसला बढ़ाने एवं ताकत देने के लिए इतनी बड़ी संख्या में माता और बहनें आई हैं।
मंत्री ने कहा कि बहुत जल्द ही मधुपुर विधानसभा स्तरीय महिला सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। जिसमें गांडये की विधायक कल्पना सोरेन शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में उन्हें जिताएं और हेमंत सोरेन को पुनः मुख्यमंत्री बनाएं। हेमंत सोरेन और महागठबंधन की सरकार महिलाओं को सशक्त और मजबूत करने की दिशा में लगातार योजनाएं लागू कर लाभान्वित करने का काम कर रही है। कहा कि केंद्र सरकार के पास झारखंड सरकार का एक करोड़ 36 लाख रुपया बकाया है। छह किस्त में केंद्र सरकार राज्य सरकार को पैसा वापस करेगी। जैसे ही पहली किस्त की राशि राज्य सरकार को केंद्र देगी हेमंत सोरेन राज्य के लोगों के विकास के लिए कई योजनाएं लागू करेंगे।



