Sahibganj News: आधी रात गूंजा ‘नंद घर आनंद भयो’, कृष्ण जन्मोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब
मोरपंख, बांसुरी, मुकुट और झूले की दुकानों पर दिनभर रही खरीदारों की भीड़
जिलेभर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। साहिबगंज शहर, राजमहल, बरहरवा, तीनपहाड़, तालझारी और बरहेट समेत ग्रामीण क्षेत्रों में मंदिरों और घरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ मंदिरों में विशेष पूजा, पंचामृत स्नान, महाआरती और प्रसाद वितरण हुआ। ‘नंद घर आनंद भयो’ और ‘हाथी घोड़ा पालकी’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया।
साहिबगंज: जिलेभर में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी को लेकर जिले के कृष्ण मंदिरों, शिवालयों और घरों में विशेष सजावट की गई। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। बड़हरवा, राजमहल, साहिबगंज शहर, तीनपहाड़, तालझारी और बरहेट समेत ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों ने घरों में भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकियां सजाईं। श्रद्धालुओं ने लड्डू गोपाल को झूले पर विराजमान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
जन्माष्टमी को लेकर बाजारों में भी दिनभर चहल-पहल रही। मोरपंख, बांसुरी, भगवान के वस्त्र, मुकुट, झूला और फूल-मालाओं समेत पूजा सामग्री की दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रही। श्रद्धालुओं ने दिनभर उपवास रखा। रात 12 बजते ही मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का विशेष पूजन शुरू हुआ। इस दौरान ‘नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ और ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।कई स्थानों पर बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम और आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं। इन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। बच्चों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
सुरक्षा को लेकर पुलिस रही मुस्तैद
जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से मंदिरों और प्रमुख पूजा स्थलों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रमुख मंदिरों के बाहर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिसकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर नजर बनाए हुए थे।
Anshika Ambasta covers local stories, trending topics, and news from the Jharkhand and Bihar desk at Samridh Jharkhand. With a focus on timely updates and impactful storytelling, she brings readers accurate and engaging news coverage. Passionate about journalism, she is dedicated to delivering stories that matter.
Related Posts
Latest News



