ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने किया नाबार्ड 'क्लासिक एक्सपो 2026' का उद्घाटन
जेएसएलपीएस के माध्यम से महिला स्वरोजगार को बढ़ावा
ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने राँची में नाबार्ड के छठे 'ग्रामीण भारत महोत्सव–क्लासिक एक्सपो 2026' का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किए बिना देश का समग्र विकास संभव नहीं है।
रांची: झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने रांची में नाबार्ड द्वारा आयोजित ‘ग्रामीण भारत महोत्सव–क्लासिक एक्सपो 2026’ (छठे संस्करण) का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने एक्सपो में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और बुनकरों, कारीगरों एवं महिला समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की जानकारी ली और उनका हौसला बढ़ाया। एक्सपो में देशभर से आए बुनकरों, कारीगरों और महिला समूहों ने अपने पारंपरिक उत्पादों, हैंडलूम, आर्ट एंड क्राफ्ट और अन्य ग्रामीण उत्पादों का प्रदर्शन किया है। झारखंड की समृद्ध सिल्क साड़ियों एवं हस्तशिल्प उत्पादों के स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
इस अवसर पर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि जब तक ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त नहीं होगी, तब तक सही मायने में विकास को पूर्ण नहीं माना जा सकता है।ग्रामीण भारत महोत्सव जैसे आयोजन ग्रामीण उत्पादों को पहचान और बाजार उपलब्ध कराने के साथ बुनकरों, कारीगरों एवं महिला समूहों को अपने उत्पादों का उचित मूल्य प्राप्त करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि एक्सपो में बड़ी संख्या में गुणवत्तापूर्ण और जीआई टैग वाले उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं, जिससे खरीदारों को उत्पाद की गुणवत्ता का भरोसा मिलता है। वहीं, ग्रामीण बुनकरों एवं समूह की महिलाओं को बड़े बाजार से सीधे जुड़ने और अपने उत्पादों की वास्तविक बाजार कीमत को समझने का अवसर मिलता है। इससे वे भविष्य में बेहतर तरीके से अपने उत्पादों का मूल्य तय और मोलभाव कर सकती हैं।उन्होंने कहा कि झारखंड में ग्रामीण विकास विभाग एवं जेएसएलपीएस के माध्यम से महिला समूहों को स्वरोजगार, प्रशिक्षण, बाजार और वित्तीय अवसरों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि बुनकरों, कारीगरों और ग्रामीण महिला समूहों को संगठित होकर कार्य करने, बेहतर क्रेडिट लिंकेज प्राप्त करने और व्यापक बाजार से जुड़ने के अवसर उपलब्ध हों। मंत्री ने कहा कि झारखंड के ग्रामीण हुनर, महिलाओं की मेहनत और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
Related Posts
Latest News



