JPSC विवाद:JPSC-JSSC विवाद पर जयराम महतो का सरकार पर हमला, 14वीं JPSC PT रद्द करने की मांग
14वीं JPSC PT परीक्षा रद्द करने और JSSC CGL जांच की मांग दोहराई
झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन डुमरी विधायक जयराम महतो ने JPSC और JSSC CGL परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने 14वीं JPSC PT परीक्षा रद्द करने, JSSC CGL परीक्षा की निष्पक्ष जांच कराने और परीक्षा एजेंसी TDPL की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। जयराम महतो ने कहा कि यदि सरकार इन मांगों पर कार्रवाई करती है तो छात्र आंदोलन स्थगित हो सकता है।
रांची: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन डुमरी विधायक जयराम महतो ने जेपीएससी और जेएसएससी सीजीएल परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले में संवेदनशील रवैया अपनाना चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
जयराम महतो ने कहा कि 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक (PT) परीक्षा को रद्द किया जाना चाहिए, जबकि जेएसएससी सीजीएल परीक्षा की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी टीडीपीएल (TDPL) की कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।

सरकार और छात्र प्रतिनिधिमंडल के बीच प्रस्तावित वार्ता पर प्रतिक्रिया देते हुए जयराम महतो ने कहा कि बातचीत पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि छात्रों का विश्वास कायम रहे और समस्या का न्यायसंगत समाधान निकल सके।
उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर सरकार को गंभीरता से निर्णय लेना चाहिए और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करनी चाहिए।









