रांची रेलवे स्टेशन से 12 किलो गांजा के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
ओडिशा से गोरखपुर ले जाई जा रही थी खेप
रांची रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ऑपरेशन 'नारकोस' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के कुशीनगर निवासी बृजराज यादव (19) के रूप में हुई है।
रांची: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने रांची रेलवे स्टेशन से 12 किलो गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। रांची आरपीएफ पोस्ट कमांडर शिशुपाल कुमार ने मंगलवार को बताया कि रांची और आरपीएफ फ्लाइंग टीम के जरिए ऑपरेशन "नारकोस" के तहत रांची रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए विशेष संयुक्त जांच अभियान चलाया गया।
जांच अभियान के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-01 स्थित वीआईपी गेट के समीप एक संदिग्ध युवक काले एवं हरे रंग का स्काई बैग लेकर बैठा हुआ दिखाई दिया। जांच दल को देखकर वह घबराने लगा, जिस पर उसे रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना नाम बृजराज यादव (19 ) बताया। वह उत्तर प्रदेश के ग्राम मटियारवा, थाना पदरौना, जनपद कुशीनगर का रहने वाला है। बैग के संबंध में पूछने पर उसने स्वीकार किया कि उसमें गांजा रखा हुआ है। घटना की सूचना सहायक सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ प्रताप सिंह नेगी को दी गई, जो तुरंत मौके पर पहुंचे तथा संपूर्ण कार्रवाई का पर्यवेक्षण किये।
मामले में एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण करने एवं स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग से चार पैकेट बरामद हुए, जिनमें गांजा पाया गया। इस प्रकार कुल 12 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग छह लाख बताया गया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने बताया कि उसे मेहंदी अंसारी के जरिए संताला (ओडिशा) से गोरखपुर तक गांजा पहुंचाने का काम सौंपा गया था, जिसके बदले उसे प्रति किलोग्राम एक हजार रूपये देने का वादा किया गया था। आरोपित ने बताया कि रांची रेलवे स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ की जांच देखकर मेहंदी अंसारी मौके से फरार हो गया। बरामद गांजा को जब्त एवं सील किया गया। इसके बाद आरोपित बृजराज यादव तथा जब्त 12 किलोग्राम गांजा को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची को सुपुर्द कर दिया गया है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक पवन कुमार, उपनिरीक्षक अजीत कुमार, आरपीएफ फ्लाइंग टीम रांची -आरक्षक दिलीप कुमार जितरवाल सहित अन्य शामिल थे।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.


