रांची के अखबारों की सुर्खियां : रघुवर पर FIR, आदिवासी जमीन खरीद पर बड़े बदलाव के संकेत, और खबरें
रांची : झारखंड के प्रमुख अखबारों ने आज तीन खबरों को सुर्खियां दी हैं. एक राज्य के सीएम डिजिग्नेट हेमंत सोरेन का दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी से मुलाकात और सरकार का स्वरूप तय करने में कांग्रेस हाइकमान का हस्तक्षेप. दूसरा जामताड़ा के मिहिजाम थाने में राज्य के कार्यवाहक मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया जाना और तीसरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कल अटल जयंती के मौके पर उनके नाम पर नयी भूजल योजना शुरू करना.
प्रभात खबर ने अपने पहले पन्ने पर भावी हेमंत कैबिनेट की रूपरेखा खींचने का प्रयास किया है. अखबार के अनुसार, स्टीफन मरांडी, नलिन सोरेन, हाजी हुसैन अंसारी, आलमगीर आलम, चंपई सोरेन, दीपक बिरुआ, मथुरा महतो, सरफराज अहमद, राजेंद्र सिंह, जगरनाथ महतो, बैजनाथ राम, मिथिलेश ठाकुर, रामेश्वर उरांव, जोबा मांझी, दीपिका पांडेय सिंह, ममता देवी को हेमंत कैबिनेट में जगह मिल सकती है. यह 16 नाम है और इनमें अधिकतम 11 सदस्य ही मंत्री हो सकते हैं, क्योंकि विधानसभा सदस्यों के 15 प्रतिशत के सिद्धांत के आधार पर मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 12 मंत्री ही हो सकते हैं. यानी ये संभावित नाम हैं, जिनमें अधिकतम को वरिष्ठता या फिर चुनावी प्रदर्शन के आधार पर जगह मिल सकती है.


दैनिक जागरण ने खबर दी है कि हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में विपक्षी नेताओं का जमावड़ा होगा. कांग्रेस से मुख्यमंत्री होगा इस बात के भी पुख्ता संकेत मिलने की बात अखबार ने लिखी है. राजद एवं जेवीम को भी कैबिनेट में जगह दिए जाने की संभावना है. वहीं, सरयू राय का बड़ा आरोप है कि रघुवर दास जासूसी कराते थे और मंत्रियों एवं विधायकों को डराते थे. अखबार ने खबर दी है कि चुनाव आयोग ने नये विधायकों की सूची राज्यपाल को सौंप दी है. अखबार ने सांसदों द्वारा अपने-अपने खेमे को अपने क्षेत्र में सीट पर जीत दिलाने का विश्लेषण जागरण ने छापा है. अखबार ने लिखा है कि गीता कोड़ा का प्रदर्शन अव्वल रहा, विद्युत वरण महतो और सुदर्शन भगत का प्रदर्शन सबसे खराब रहा. वहीं, पीएन सिंह का प्रदर्शन भाजपा खेमे से ठीक रहा.
जागरण ने खबर दी है कि अयोध्या में आतंकी हमले का खतरा मंडरा रहा है और नागरिकता कानून के विरोध के नाम पर उत्तरप्रदेश में की गयी तोडफोड पर 28 लोगों को नुकसान की भरपाई का नोटिस भेजा गया है. ईसाई समाज के रांची धर्मप्रांत के आर्चबिशप फेलिक्स टोप्पो का विवादित बयान अखबार ने छापा है कि नयी सरकार क्रिसमस गिफ्ट है और पहले वे तनाव में रहते थे.
दैनिक भास्कर ने खबर दी है कि आज 8.22 बजे सुबह से दिन के 11.22 बजे तक सूर्यग्रहण का प्रभाव रहेगा. अखबार ने पतरातू में नौका विहार की खूबसूरत तसवीर पहले पन्ने पर छापी है. पाइप लीकेज की वजह से रांची में आज भी पानी के दिक्कत होने की आशंका की खबर अखबार ने दी है.


