Palamu News: शिक्षक दिवस पर बड़ी पहल, 43 शिक्षकों का सम्मान और डिजिटल शिक्षा की शुरुआत
शिक्षक की कमी वाले क्षेत्रों में डिजिटल माध्यम से शैक्षणिक अंतर पाटने की होगी कोशिश
शिक्षक दिवस के अवसर पर मेदिनीनगर के टाउन हॉल में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में विभिन्न विषयों और क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 43 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। समारोह में उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने ‘पलामू पाठशाला’ YouTube चैनल का शुभारंभ किया। इस डिजिटल पहल के तहत जिले के बेहतर शिक्षक अपने विषयों के लेक्चर रिकॉर्ड कर ऑनलाइन उपलब्ध कराएंगे।
पलामू: शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को मेदिनीनगर स्थित टाउन हॉल में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान विभिन्न विषयों एवं क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के 43 शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, उप विकास आयुक्त सादात अनवर, सहायक समाहर्ता ऋत्विक मेहता समेत अन्य पदाधिकारियों द्वारा भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया गया।‘पलामू पाठशाला’ यूट्यूब चैनल का शुभारंभ
शिक्षक हमारे भविष्य के निर्माता: उपायुक्त
समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने अपने जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले शिक्षकों को याद किया। उन्होंने कहा कि आज वह जिस मुकाम पर हैं, उसमें उनके शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अपने गुरु कमलेश पटेल और केमिस्ट्री शिक्षक किशोर परमार का स्मरण करते हुए बताया कि उनके मार्गदर्शन के कारण ही कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में उन्हें केमिस्ट्री में 93 अंक प्राप्त हुए थे। उन्होंने यूपीएससी की तैयारी के दौरान अपने शिक्षक रहे स्व. पी. रबीन्द्रनाण को भी श्रद्धापूर्वक याद किया।
उपायुक्त ने शिक्षक दिवस के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं द्वितीय राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन महान शिक्षाविद् थे। उनके जन्मदिवस 5 सितंबर को देश में शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिवस समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका को सम्मान देने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि किसी भी जिले की वास्तविक ताकत वहां का मानव संसाधन होता है। पलामू में मानव संसाधन के विकास की दिशा में अभी काफी काम करने की आवश्यकता है। जिले के विकास का पैमाना केवल सड़क, भवन या अन्य आधारभूत संरचनाओं का निर्माण नहीं हो सकता। प्रत्येक बच्चे को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना ही विकास का वास्तविक उद्देश्य होना चाहिए।
उपायुक्त ने कहा कि यदि कोई भवन या सड़क टूट जाए तो उसे दोबारा बनाया जा सकता है, लेकिन किसी बच्चे का भविष्य बर्बाद हो जाने के बाद उसकी भरपाई संभव नहीं है। इसलिए बच्चों के भविष्य को सही दिशा देने की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी शिक्षकों के कंधों पर है।
तकनीक को शिक्षा का माध्यम बनाने पर जोर
उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान दौर में तकनीक शिक्षा का प्रभावी माध्यम बन चुकी है। इसी को ध्यान में रखते हुए ‘पलामू पाठशाला’ की शुरुआत की गई है। जिले के बेहतर शिक्षक अपने विषय से संबंधित लेक्चर रिकॉर्ड कर इस चैनल पर उपलब्ध कराएंगे। इससे एक शिक्षक के ज्ञान का लाभ बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि यह पहल खासकर उन क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित होगी, जहां विषयवार शिक्षकों की कमी है। डिजिटल माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराकर विद्यार्थियों को बेहतर अवसर प्रदान किए जा सकते हैं।
उन्होंने शिक्षकों से कहा कि वे केवल पाठ्यक्रम पूरा करने वाले व्यक्ति नहीं हैं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व, सोच और भविष्य का निर्माण करते हैं। इसलिए प्रत्येक शिक्षक को अपने दायित्व को सेवा और राष्ट्र निर्माण के अवसर के रूप में लेना चाहिए।
43 शिक्षकों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विषयों एवं क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाले कुल 43 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों ने इस पहल के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह में उप विकास आयुक्त सादात अनवर, सहायक समाहर्ता ऋत्विक मेहता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, क्षेत्रीय शिक्षा पदाधिकारी, शिक्षक संघ से जुड़े प्रतिनिधि समेत बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षा विभाग के पदाधिकारी मौजूद रहे।
Anshika Ambasta covers local stories, trending topics, and news from the Jharkhand and Bihar desk at Samridh Jharkhand. With a focus on timely updates and impactful storytelling, she brings readers accurate and engaging news coverage. Passionate about journalism, she is dedicated to delivering stories that matter.
Related Posts
Latest News



