Hazaribagh News: उपायुक्त हेमंत सती के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग का औचक निरीक्षण अभियान
भ्रामक दावों वाले सामान वापस लौटाने के निर्देश
हजारीबाग उपायुक्त हेमंत सती के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर की विभिन्न दुकानों पर औचक निरीक्षण कर इंडस्ट्रियल रंग वाला गुपचुप व अवमानक रसगुल्ले नष्ट कराए। टीम ने भ्रामक दावों वाले 100 से अधिक खाद्य उत्पादों की बिक्री व भंडारण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
हजारीबाग: उपायुक्त हेमंत सती एवं अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, हजारीबाग डॉ. शशि जायसवाल के निर्देशानुसार आज दिनांक 05.09.2026 को खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा हजारीबाग शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों एवं ठेला संचालकों के यहां औचक निरीक्षण किया गया।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, हजारीबाग-01 मंजर हुसैन के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा टीमद्वारा हुरहुरू क्षेत्र स्थित स्वामी विवेकानंद स्कूल के समीप संचालित गुपचुप-चाट के ठेले की जांच की गई। जांच के दौरान खाद्य सामग्री में औद्योगिक रंग के उपयोग की पुष्टि होने पर संबंधित खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया तथा आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।
संयुक्त खाद्य सुरक्षा आयुक्त के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा खाद्य उत्पादों पर किए जा रहे भ्रामक जानकारी अथवा दावों की भी जांच की गई। खाद्य कारोबारकर्ताओं को ऐसे खाद्य उत्पादों की बिक्री एवं भंडारण तत्काल रोकते हुए संबंधित कंपनी/निर्माता को उत्पाद वापस लेने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण द्वारा भ्रामक दावों के कारण 100 से अधिक खाद्य उत्पादों की बिक्री एवं भंडारण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाए जाने की जानकारी देते हुए खाद्य कारोबारकर्ताओं को इन उत्पादों के संबंध में विशेष सावधानी बरतने का निर्देश दिया गया।
इनमें रेड बुल, स्टिंग, मॉन्स्टर, कैंपा एनर्जी ड्रिंक, किंडर जॉय चॉकलेट, लाटे चोको पाई, पतंजलि मिल्क बिस्कुट, रेमन नूडल्स, सफोला टोटल हार्ट प्रो मल्टी-सोर्स कुकिंग ऑयल, बिसलेरी एडेड मिनरल वाटर सहित अन्य उत्पाद शामिल हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के दौरान प्रतिबंधित अथवा भ्रामक दावों वाले उक्त खाद्य उत्पाद पाए जाने पर संबंधित खाद्य प्रतिष्ठान के संचालक के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की सुसंगत धाराओं के तहत विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा टीम ने सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं से खाद्य सामग्री की गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से अनुपालन करने, प्रतिबंधित/अवमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री एवं भंडारण नहीं करने तथा उपभोक्ताओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है। निरीक्षण दल में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, हजारीबाग-02 अम्ब्रीश पांडे, विकास शर्मा एवं सूरज कुमार शामिल थे।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
Related Posts
Latest News



