पाकुड़ में गुरुजी शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापना की तैयारी तेज, पुराना डीसी मोड़ चुना गया स्थल
प्रशासन और झामुमो नेताओं ने किया निरीक्षण
पाकुड़ में झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता एवं झामुमो के संस्थापक स्वर्गीय गुरुजी शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापना की तैयारी तेज हो गई है। जिला प्रशासन और झामुमो नेताओं ने शहर के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर पुराना डीसी मोड़ के अंतिम छोर को प्रतिमा स्थापना के लिए उपयुक्त स्थल चुना है।
पाकुड़: झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक स्वर्गीय गुरुजी शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापना की तैयारी तेज हो गई है। प्रतिमा स्थापना को लेकर जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं झामुमो नेताओं ने सोमवार को शहर के विभिन्न संभावित स्थलों का निरीक्षण कर उपयुक्त स्थान का चयन किया।
निरीक्षण के दौरान प्रतिमा स्थापना के लिए यातायात व्यवस्था, आम लोगों की सुविधा, सौंदर्यीकरण तथा सुरक्षा सहित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सभी बिंदुओं पर मंथन के बाद पुराना डीसी मोड़ के अंतिम छोर को प्रतिमा स्थापना के लिए सबसे उपयुक्त स्थल के रूप में चुना गया।
झामुमो नेताओं ने कहा कि गुरुजी शिबू सोरेन ने अलग झारखंड राज्य के निर्माण के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया और आदिवासी, मूलवासी तथा वंचित समाज के अधिकारों की लड़ाई को नई दिशा दी। उनकी प्रतिमा स्थापित होने से नई पीढ़ी को उनके संघर्ष, विचारों और झारखंड आंदोलन में दिए गए ऐतिहासिक योगदान की जानकारी मिलेगी तथा युवा उनसे प्रेरणा लेकर समाज और राज्य के विकास में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित होंगे।

Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.


