खटिया पर बैठकर ग्रामीणों से संवाद, उपायुक्त रामनिवास यादव ने किया SIR-2026 अभियान का निरीक्षण
गांडेय विधानसभा क्षेत्र के सुदूरवर्ती गांवों का किया निरीक्षण
गिरिडीह के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत गांडेय विधानसभा क्षेत्र के सुदूरवर्ती गांवों का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों से खटिया पर बैठकर संवाद स्थापित किया और डोर-टू-डोर अभियान की प्रगति की समीक्षा की।
गिरिडीह: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के प्रभावी, समयबद्ध एवं त्रुटिरहित क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने शुक्रवार को 31-गांडेय विधानसभा क्षेत्र के सुदूरवर्ती गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों के बीच खटिया पर बैठकर आत्मीय संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने घर-घर (डोर-टू-डोर) चल रहे अभियान का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने गणना प्रपत्र (Enumeration Form) के वितरण एवं संग्रहण, मतदाताओं से प्रपत्र भरवाने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन, ऑनलाइन डिजिटाइजेशन तथा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से संबंधित अन्य गतिविधियों का गहन अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) एवं निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) से अभियान की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा की।


निरीक्षण के दौरान उपस्थित एईआरओ, ईआरओ एवं अन्य वरीय पदाधिकारियों को भी नियमित क्षेत्र भ्रमण कर अभियान की सतत निगरानी करने, दैनिक प्रगति की समीक्षा करने तथा किसी भी प्रकार की समस्या का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सफलतापूर्वक संपन्न कराएं।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करें, समय पर अपना गणना प्रपत्र भरें तथा आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाई जा सके।
उन्होंने कहा, "कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं, प्रत्येक पात्र मतदाता जुड़े — यही SIR-2026 अभियान का उद्देश्य है।"
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.


