हिमांशु हत्याकांड की सीबीआई जांच हो, पुलिस की भूमिका भी कटघरे में: आदित्य साहू
आदित्यपुर पहुंचकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने परिजनों से की मुलाकात
करणी सेना के युवा नेता हिमांशु सिंह की हत्या के मामले में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने सीबीआई जांच की मांग की है। उन्होंने आदित्यपुर पहुंचकर मृतक के परिजनों से मुलाकात की और पुलिस प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए।
पूर्वी सिंहभूम। करणी सेना के युवा नेता हिमांशु सिंह की हत्या के मामले में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने झारखंड सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोलते हुए पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग की है। शनिवार को आदित्यपुर पहुंचकर उन्होंने मृतक के पिता अरविंद सिंह और परिजनों से मुलाकात की तथा उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि हिमांशु सिंह की हत्या राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है और इस मामले में पुलिस की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासन घटना के मूल मुद्दे से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की कानूनी टीम ने संबंधित बार के दस्तावेजों की जांच की है और उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार उसके लाइसेंस संबंधी कागजात अवैध हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि बार अवैध रूप से संचालित हो रहा था, तो प्रशासन ने पहले कार्रवाई क्यों नहीं की। उनके अनुसार, अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करना ही प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो भाजपा जमशेदपुर के बाद पूरे झारखंड में आंदोलन तेज करेगी।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही, पूर्व मंत्री अमर कुमार बावरी सहित भाजपा के जमशेदपुर महानगर और सरायकेला-खरसावां जिले के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। भानु प्रताप शाही ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए स्वतंत्र जांच की मांग की, जबकि अमर कुमार बावरी ने घटना में कथित लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग दोहराई।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.


