Giridih News: मुहर्रम पर शांति समिति की बैठक, उपायुक्त ने दिए कड़े विधिक निर्देश
फेसबुक और व्हाट्सएप ग्रुपों की होगी गहन डिजिटल मॉनिटरिंग
गिरिडीह समाहरणालय में उपायुक्त रामनिवास यादव और एसपी डॉ. बिमल कुमार की अध्यक्षता में मुहर्रम को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। इसमें सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, ड्रोन से निगरानी रखने और सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाने वालों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
गिरिडीह: समाहरणालय सभागार कक्ष में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रामनिवास यादव की अध्यक्षता में मुहर्रम पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाने को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न अनुमंडलों से आए शांति समिति के लोगों ने भाग लिया। बैठक के दौरान उपायुक्त ने शांति समिति के सदस्यों से शांति के साथ पर्व मनाने को लेकर आश्वस्त किया।
इस दौरान शांति समिति के लोगों द्वारा साफ सफाई, पेयजल एवं बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने को लेकर भी चर्चा किया गया। इसके पश्चात जिला उपायुक्त ने अनुमंडलवार और थानावार मुहर्रम पर्व को लेकर किए गए तैयारियों की जानकारी प्राप्त की तथा सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।


इसके साथ ही सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिस मार्ग से मुहर्रम का जुलूस निकाला जाएगा, अनुमंडल पदाधिकारी एवं थाना प्रभारी उस पथ का भौतिक निरीक्षण एवं सत्यापन कर लें। विधि व्यवस्था के संधारण हेतु प्रमुख स्थानों पर पुलिस पदाधिकारी एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिला स्तर एवं अनुमंडल स्तर पर नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा। उपायुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर गश्ती दलों को सक्रिय करें।
सभी मीडिया प्रतिनिधियों, सोशल मीडिया संचालकों एवं आम नागरिकों से अपील है कि मुहर्रम पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की सूचना, समाचार, फोटो, वीडियो अथवा संदेश को साझा करने से पूर्व उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य कर लें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली प्रत्येक सूचना के प्रति सजग एवं जिम्मेदार रवैया अपनाना आवश्यक है, ताकि जिले में शांति, सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था बनी रहे। किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं पुलिस अधीक्षक, डॉ बिमल कुमार ने कहा कि मुहर्रम पर्व को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी पारदर्शिता और तत्परता के साथ कार्य कर रही है, सभी आवश्यक कार्यों को किया जा रहा है। आगे पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ऐसे सभी स्थान जो कि संवेदनशील हैं, वहां पर विशेष निगरानी रखनी है। रूट पुराना ही रहे इस पर भी विशेष ध्यान रखना है। फेसबुक व्हाट्सएप समेत सभी सोशल मीडिया का मॉनिटरिंग करना है।
सभी थाना प्रभारी एवं संबंधित पुलिस पदाधिकारी इसके लिए सोशल मीडिया ग्रुप एडमिन के साथ एक बैठक कर लें और किसी प्रकार का भी भ्रामक खबर न फैले। इस पर विशेष ध्यान देना साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों को फैलाने वाले पर कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। जुलूस के दौरान आग का खेल, एयर गन, डीजे आदि के प्रदर्शन पर रोक रहेगा। उन्होंने कहा कि रूट चार्ट के अनुसार ही ड्रोन का उपयोग करें।
अग्निशमन और एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया। साथ ही संवेदनशील स्थानों में बैरिकेडिंग करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा जिला नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि मुहर्रम पर्व को देखते हुए यातायात व्यवस्था में सुधार लाएं। अंत में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी अपने प्रतिनियुक्त स्थान पर समय से पहुंचेंगे। ताकि हमारा रिस्पॉन्स समय से हो।
बैठक में उपरोक्त के अलावा सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, सभी थाना प्रभारी, शांति समिति के सदस्य सहित अन्य कई संबंधित पदाधिकारी एवं गणमान्य व बुद्धिजीवी उपस्थित रहे।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


