Dhanbad News: भू-धसान से भड़के ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, रोजगार वाली जगह पर पुनर्वास की मांग
प्रभावित परिवारों ने प्रशासन के सामने रखी कड़ी शर्तें
धनबाद के बाघमारा अंतर्गत अंगार पथरा ओपी क्षेत्र के काटा पहाड़ी बस्ती में गुरुवार रात हुए भीषण भू-धसान से कई घरों में दरारें आ गईं। इसके विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने कतरास-धनबाद मुख्य मार्ग को घंटों जाम रखा। मौके पर चार थानों की पुलिस और बीसीसीएल अधिकारियों ने पहुंचकर प्रभावित परिवारों को बेलगड़िया में पुनर्वास का प्रस्ताव दिया, जिसे ग्रामीणों ने आजीविका के साधनों की कमी बताते हुए ठुकरा दिया। बाद में स्थानीय पार्षद छोटू सिंह के हस्तक्षेप और प्रबंधन को चेतावनी देने के बाद जाम हटाया गया।
धनबाद: अंगार पथरा ओपी क्षेत्र अंतर्गत काटा पहाड़ी बस्ती में गुरुवार रात हुए भू-धसान के बाद शुक्रवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने कतरास-धनबाद मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और घंटों यातायात पूरी तरह ठप रहा।
ग्रामीणों का आरोप था कि क्षेत्र में लगातार अवैध खनन और भू-धसान की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन, संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि समस्या के स्थायी समाधान को लेकर गंभीर नहीं हैं। लोगों ने बताया कि भू-धसान के कारण कई घरों और सड़कों में दरारें पड़ गई हैं, जिससे पूरे इलाके में भय का माहौल है।

आखिरकार वार्ड संख्या पांच के पार्षद छोटू सिंह के हस्तक्षेप और समझाने के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त किया। पार्षद ने मौके पर पहुंचकर बीसीसीएल प्रबंधन, विधायक मथुरा प्रसाद महतो और धनबाद मेयर संजीव सिंह को स्थिति से अवगत कराया तथा प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर बसाने और भू-धसान की समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि वे कई बार अवैध उत्खनन रोकने का प्रयास कर चुके हैं, लेकिन अवैध धंधेबाज रसूख और पैसे के दम पर जबरन खनन जारी रखे हुए हैं, जिसके कारण इलाके में लगातार खतरा बढ़ता जा रहा है।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
