Dumka News: समाहरणालय से जनगणना 2027 प्रचार वाहन रवाना, उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने दिखाई हरी झंडी
विकास योजनाओं का आधार है जनगणना, सही जानकारी देना नागरिकों की जिम्मेदारी
दुमका के उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी अभिजीत सिन्हा ने समाहरणालय परिसर से जनगणना 2027 के प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिले में 16 मई से 14 जून तक प्रथम चरण के तहत मकानसूचिकरण (House Listing) का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर कुल 33 प्रश्नों के आधार पर डेटा एकत्र करेंगे और उसे एचएलओ (HLO) ऐप के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज करेंगे। उपायुक्त ने सभी नागरिकों से प्रगणकों को सही व गोपनीय जानकारी देकर सहयोग करने की अपील की है।
दुमका: समाहरणालय परिसर से उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी अभिजीत सिन्हा द्वारा जनगणना 2027 से संबंधित प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं सांख्यिकीय प्रक्रिया है, जिसके आधार पर सरकार द्वारा विभिन्न विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाती है। उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकानसूचिकरण का कार्य 16 मई से 14 जून तक जिले में संचालित है। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर प्रत्येक मकान एवं परिवार से संबंधित जानकारी एकत्रित करेंगे।
उपायुक्त ने बताया कि इस प्रक्रिया में कुल 33 प्रश्न शामिल किए गए हैं, जिनका उत्तर प्राप्त कर प्रगणक एचएलओ एप के माध्यम से ऑनलाइन प्रविष्ट करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी सूचनाएँ पूर्णतः गोपनीय रखी जाएंगी तथा इनका उपयोग केवल सरकारी एवं सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि अपने क्षेत्र में आने वाले प्रगणकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा अपने मकानों को अनिवार्य रूप से सूचीबद्ध कराएँ। उन्होंने कहा कि सही एवं अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है, ताकि भविष्य की योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक प्रभावी रूप से पहुँच सके।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
