देवघर सदर अस्पताल में वेतन विवाद, भुगतान नहीं हुआ तो होगा धरना
4200 ग्रेड पे के भुगतान में देरी पर जताई नाराजगी
देवघर सदर अस्पताल के फार्मासिस्ट संजीव कुमार ने वेतन और अन्य देय लाभों के भुगतान में हो रही देरी पर अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई है।
देवघर: स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारियों के वेतन एवं अन्य देय लाभों के भुगतान में हो रही देरी को लेकर सदर अस्पताल के फार्मासिस्ट संजीव कुमार ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर भुगतान के मामलों में अनावश्यक टालमटोल का आरोप लगाते हुए एक सप्ताह के भीतर लंबित राशि का भुगतान करने की मांग की है।
संजीव कुमार ने उपाधीक्षक को दिए आवेदन में कहा है कि आबंटन उपलब्ध रहने के बावजूद कर्मचारियों के वेतन एवं अन्य देय लाभों का भुगतान समय पर नहीं किया जा रहा है। उनका आरोप है कि संबंधित पदाधिकारी और लेखा शाखा भुगतान को लेकर गंभीर नहीं हैं, जबकि सेवा नियमों के अनुसार भुगतान में जानबूझकर देरी करना दंडनीय माना जाता है।


उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर भुगतान नहीं किया गया तो वे प्रत्येक कार्य दिवस में अपराह्न तीन बजे के बाद उपाधीक्षक कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे। इस संबंध में आवेदन की प्रतिलिपि सिविल सर्जन, उपायुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित थाना प्रभारी को भी भेजी गई है।
वहीं, झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र ने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों के समर्थन में संघ पूरी मजबूती के साथ खड़ा रहेगा और आवश्यक होने पर आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.


