Deoghar News: नीट यूजी-2026 परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 20 जून को होगी मॉक ड्रिल
अपर समाहर्ता हीरा कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद
देवघर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में नीट (यूजी)-2026 परीक्षा की तैयारियों को लेकर समाहरणालय में समीक्षा बैठक की गई। परीक्षा के पारदर्शी संचालन के लिए जिले के चार केंद्रों पर सीसीटीवी, बायोमेट्रिक जांच, जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना और 20 जून को मॉक ड्रिल कराने का निर्णय लिया गया है।
देवघर: आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली नीट (यूजी)-2026 परीक्षा के सफल, पारदर्शी और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने बताया कि जिले में नीट परीक्षा के लिए चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। उन्होंने सभी दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को समय रहते परीक्षा केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।


परीक्षा में कदाचार रोकने के लिए सभी केंद्रों को सीसीटीवी निगरानी में रखा जाएगा। अभ्यर्थियों की प्रवेश द्वार पर पुरुष एवं महिला सुरक्षाकर्मियों द्वारा सघन तलाशी ली जाएगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। बॉयोमेट्रिक सत्यापन के साथ सुरक्षा जांच की विशेष व्यवस्था की जाएगी।
परीक्षा की सतत निगरानी के लिए जिला नियंत्रण कक्ष को चौबीसों घंटे सक्रिय रखने का निर्णय लिया गया है। नियंत्रण कक्ष में दंडाधिकारियों एवं कर्मचारियों की पालियों के अनुसार तैनाती होगी तथा गश्ती दलों और केंद्रों के सुरक्षा प्रभारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जाएगा।
जिले के ए.एस. कॉलेज साइंस ब्लॉक, देवघर कॉलेज, रमा देवी बाजला महिला महाविद्यालय तथा पीएम जवाहर नवोदय विद्यालय रिखिया को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


