Hazaribagh News: नाबालिग भाई-बहन की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
11 वर्षीय बच्ची और 3 वर्षीय मासूम की अपहरण के बाद हत्या
हजारीबाग पुलिस की एसआईटी ने कटकमदाग थाना क्षेत्र के दो मासूम भाई-बहन के अपहरण और मर्डर केस का खुलासा करते हुए आरोपी संजीत पासवान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मटवारी से आरोपी को दबोचा और उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल स्कूटी भी बरामद कर ली है।
हजारीबाग: थाना क्षेत्र में नाबालिग भाई-बहन के अपहरण और निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (SIT) ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटकमदाग थाना क्षेत्र से 11 वर्षीय एक बच्ची एवं उसके 3 वर्षीय छोटे भाई का अपहरण कर लिया गया था। परिजनों द्वारा बच्चों के लापता होने की सूचना दिए जाने के बाद कटकमदाग थाना में कांड संख्या 90/26 के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया और बच्चों की खोजबीन के लिए विशेष टीम गठित की गई।
जंगल में मिले थे दोनों मासूमों के शव

तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
पुलिस ने विभिन्न बिंदुओं पर जांच करते हुए आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी और लगातार छापेमारी अभियान चलाया। अंततः 3 जून को आरोपी को जिले के मटवारी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी संजीत पासवान ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। उसने दोनों बच्चों को जंगल क्षेत्र में ले जाकर पहले उनका अपहरण किया और बाद में पहचान उजागर होने के डर से उनकी हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने वारदात को छिपाने के लिए दोनों बच्चों के शवों को जंगल में अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया था। पूछताछ में उसने हत्या में प्रयुक्त स्कूटी और अन्य साक्ष्यों के संबंध में भी जानकारी दी।
हत्या में प्रयुक्त स्कूटी बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त स्कूटी (पंजीकरण संख्या JH02BH-8804) तथा एक प्लास्टिक का बोरा बरामद किया है। मामले में अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच जारी है।
एसआईटी की मेहनत लाई रंग
इस जघन्य हत्याकांड के खुलासे में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित एसआईटी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम में अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान), पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, सदर थाना प्रभारी, कटकमदाग थाना प्रभारी समेत कई पुलिस अधिकारी एवं तकनीकी शाखा के कर्मी शामिल थे। वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी विश्लेषण और लगातार छापेमारी के कारण पुलिस सात दिनों के भीतर आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
पुलिस ने कहा है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे जिले में शोक की लहर है और लोग दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिए जाने की मांग कर रहे हैं।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


