सीसीएल और कलाकृति के सहयोग से "स्वच्छता ऑन कैनवास" प्रतियोगिता संपन्न
सीएसआर विभाग के प्रबंधकों ने किया कलाकृतियों का अवलोकन
रांची के डोरंडा स्थित कलाकृति स्कूल ऑफ आर्ट्स में सीसीएल के स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत "स्वच्छता ऑन कैनवास" चित्रकला प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इसमें 30 विद्यालयों के 180 से अधिक बच्चों ने "स्वच्छ भारत-हरित भारत" जैसे विषयों पर रंग बिखेरकर स्वच्छता और नागरिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया।
रांची: स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा–2026 के अंतर्गत कलाकृति स्कूल ऑफ आर्ट्स, रांची के सहयोग से “स्वच्छता ऑन कैनवास” चित्रकला प्रतियोगिता का सफल आयोजन कलाकृति स्कूल ऑफ आर्ट्स, डोरंडा में किया गया। प्रतियोगिता में रांची के 30 विभिन्न विद्यालयों के 180 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छता के संदेश को अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता का आयोजन चार आयु वर्गों में किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने “स्वच्छ भारत–हरित भारत”, “मेरा स्वप्न स्वच्छ भारत”, “स्वच्छता ही सेवा”, “स्वच्छ सड़कें–स्वस्थ जीवन” तथा “स्वच्छता ईश्वर के निकट है” जैसे विषयों पर आकर्षक एवं कल्पनाशील चित्र बनाकर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा नागरिक उत्तरदायित्व के महत्व को प्रभावशाली ढंग से चित्रित किया। विद्यार्थियों की चित्रकृतियों में स्वच्छ एवं हरित भारत की परिकल्पना, प्रकृति संरक्षण तथा स्वच्छ जीवनशैली के प्रति उनकी संवेदनशील सोच स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।


इस अवसर पर कलाकृति स्कूल ऑफ आर्ट्स के निदेशक एवं कलाकार धनंजय कुमार के सहित कलाकृति स्कूल ऑफ आर्ट्स के सभी शिक्षक एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के चारों वर्गों के विजेताओं की घोषणा की गई, जिनमें ग्रुप-ए में प्रशांत रजवार, ग्रुप-बी में विवान शौर्य, ग्रुप-सी में आर्यन मालाकार तथा ग्रुप-डी में भूमिका दत्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र एवं रंग सामग्री देकर सम्मानित किया गया।
ज्ञात हो कि 16 जून से30 जून 2026 तक संचालित स्वच्छता पखवाड़ा-2026 अंतर्गत आयोजित यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक दायित्व के प्रति जागरूकता विकसित करने की दिशा में एक प्रभावी एवं प्रेरणादायी पहल सिद्ध हुई। इस अभियान का उद्देश्य अलग अलग पहलों के माध्यम से स्वच्छ भारत के संदेश को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुँचाना और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


