'हम हिंदू हैं, बहन मान जाओ'; नहीं मानी तो भाई ने उठाया ऐसा कदम कि पहुंच गया सीधे थाने
"बहन, हम हिंदू परिवार से हैं। दूसरे मजहब में रिश्ता जोड़ना हमारे लिए संभव नहीं। तेरी शादी भी हो चुकी है, तू अपने पति के घर की इज्जत है। वहीं रह और सुकून से जिंदगी गुजार। उस लड़के के बारे में सोचना भी छोड़ दे।" साहब, इसी तरह मैंने उसे बार-बार समझाया। जब वह राजी नहीं हुई तो मैंने उसका गला दबा दिया और शव को कुएं में फेंक दिया।
Honor Killing In Fatehpur: फतेहपुर में एक युवती की उसके सगे भाई ने इसलिए जान ले ली, क्योंकि वह किसी अन्य धर्म के लड़के को पसंद करती थी। आरोपी ने बहन का गला दबाकर उसकी जीवनलीला समाप्त की, शव को कुएं में डाल दिया और फिर स्वयं थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।
यह सब आरोपी भाई ने पुलिस के सामने स्वीकार किया। थरियांव थाना क्षेत्र के हसवा में बहन की हत्या के बाद पूछताछ में आरोपी संदीप ने बताया कि उसकी बहन का जिस युवक से संबंध था, वह एक अलग समुदाय की कसाई बिरादरी से था। संदीप ने कहा कि वे हिंदू यादव हैं और परिवार का कोई भी सदस्य यह रिश्ता किसी कीमत पर स्वीकार नहीं कर सकता था।


संदीप ने पुलिस को बताया कि वह बहन को राह दिखाते-दिखाते थक चुका था। रास्ते में अचानक आवेश में आकर वह जोर से चिल्लाया और बहन का गला पकड़कर उसे खेत में पटक दिया। बहन ने अपनी जान बचाने के लिए हाथ-पैर मारे, तड़पती रही, लेकिन लगभग डेढ़ मिनट के भीतर उसकी सांसें बंद हो गईं।
परिजनों के अनुसार युवती का उस युवक से करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध चला आ रहा था। पिता शिव सिंह यादव ने बताया कि घर मुख्य सड़क पर होने की वजह से उस लड़के का आना-जाना था। धीरे-धीरे उसने बेटी से संपर्क बनाया और फिर फोन पर बातचीत शुरू हो गई। परिजनों का कहना है कि उसने बेटी को मानसिक रूप से इस कदर प्रभावित कर लिया कि वह घर वालों की कोई बात सुनने को तैयार नहीं रहती थी। बाद में उसकी शादी करा दी गई, पर हालात नहीं बदले।
पिता ने बताया कि घटना की पिछली रात उन्होंने बेटे से बार-बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका फोन बंद मिला। रिश्तेदारों और पड़ोसी गांवों में भी पता लगाया गया, पर कुछ जानकारी नहीं मिली। सुबह गांव वालों से घटना का पता चला।
परिजनों का आरोप है कि घटना से तीन दिन पूर्व युवती के प्रेमी ने नजदीकी पुलिस चौकी में उसकी जान को खतरा बताते हुए शिकायत की थी। पिता का कहना है कि बावजूद इसके कोई कदम नहीं उठाया गया। हालांकि चौकी प्रभारी अरुण मौर्या ने इस बात से इनकार करते हुए कहा कि उनके पास ऐसी कोई लिखित शिकायत नहीं आई।
यह घटना हसवा क्षेत्र में पांच महीने पहले हुई एक दोहरी हत्या की दर्दनाक यादें फिर से ताजा कर गई। थरियांव थाने के हसवा कस्बे के चौधराना मोहल्ले में 16 जनवरी को प्रेम संबंध को लेकर हुई उस घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया था, जिसे लोग अभी तक नहीं भूले थे। उस वारदात में मोहल्ले के दिलदार कुरैशी ने अपनी भाभी जिकरा और दोस्त फैजान की धारदार हथियारों से हत्या कर दी थी।
Samridh Media Desk is the official editorial and news publishing team of Samridh Jharkhand. The desk covers breaking news, politics, national and international affairs, Jharkhand and Bihar updates, crime, business, and trending stories with a focus on accuracy, credibility, and timely reporting. Dedicated to quality journalism, Samridh Media Desk delivers reliable and impactful news coverage that keeps readers informed.


