Dumka News: श्रावणी मेला तैयारियों का जायजा लेने खुद जमीन पर उतरे उपायुक्त अभिजीत सिन्हा
शिवगंगा परिसर का जायजा लेकर दिए कई आवश्यक निर्देश
दुमका के उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने आगामी राजकीय श्रावणी मेला 2026 के मद्देनजर बासुकीनाथ धाम का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रूट लाइन, शिवगंगा और विद्युत व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को तय समय के भीतर सभी मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त करने का कड़ा निर्देश दिया।
दुमका: राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव 2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने बासुकीनाथ धाम पहुंचकर मेला क्षेत्र की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रूट लाइन, संस्कार मंडप, शिवगंगा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान बासुकीनाथ धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि मेला से जुड़े सभी कार्यों को निर्धारित समयावधि के भीतर पूर्ण कर लिया जाए, ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की कोई समस्या उत्पन्न न हो।


विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र एवं रूट लाइन में लगे सभी विद्युत तारों एवं उपकरणों की जांच कर आवश्यक मरम्मत कार्य समय पर पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव के लिए सभी विद्युत व्यवस्थाएं पूरी तरह सुरक्षित एवं दुरुस्त रहनी चाहिए।
उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र, रूट लाइन तथा अन्य प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से रात्रि के समय श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक रोशनी की व्यवस्था करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने भीड़ प्रबंधन, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की तैयारियों का भी जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण करने का निर्देश दिया। इस दौरान उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सहित जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


