Deoghar News: फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बन ठगी करने वाला साइबर अपराधी गिरफ्तार, मोहनपुर से दबोचा गया
APK फाइल भेजकर बैंक खाते खाली करता था शातिर, देवघर पुलिस ने दबोचा
देवघर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मोहनपुर थाना क्षेत्र से एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर फ्लिपकार्ट, अमेजन, गूगल पे, फोनपे और एयरटेल पेमेंट बैंक के नाम पर लोगों से ठगी करता था। वह फर्जी APK फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल करता और बैंक खातों से पैसे उड़ा लेता था।
देवघर: साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में देवघर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर थाना की टीम ने मोहनपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहनपुर थाना क्षेत्र के तेलंगिया डुमरिया निवासी 24 वर्षीय पप्पू कुमार राय के रूप में हुई है।
पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 24 जून को की गई कार्रवाई के दौरान आरोपी को साइबर अपराध में संलिप्त पाए जाने पर गिरफ्तार किया गया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी फर्जी तरीके से फ्लिपकार्ट, अमेजन, एयरटेल पेमेंट बैंक, गूगल पे एवं फोनपे के कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहा था।


गिरफ्तार आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन एवं दो सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। बरामद मोबाइल और सिम कार्ड की जांच की जा रही है, जिससे साइबर अपराध से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, एपीके फाइल अथवा फर्जी कस्टमर केयर नंबर पर भरोसा न करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.


