Deoghar News: कैशबैक के लालच में फंसाकर उड़ाते थे पैसे, देवघर में चार साइबर ठग गिरफ्तार
चार मोबाइल और चार सिम कार्ड किए गए बरामद
देवघर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सारवां थाना क्षेत्र से चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को Google Pay, PhonePe, Paytm, Flipkart और Airtel Payment Bank का कस्टमर केयर अधिकारी बताकर लोगों से ठगी करते थे।
देवघर: साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत देवघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 17 जून 2026 को सारवां थाना क्षेत्र में छापेमारी कर चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों पर फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करने का आरोप है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सारवां क्षेत्र में सक्रिय साइबर अपराधी खुद को फ्लिपकार्ट, अमेजन पे, एयरटेल पेमेंट बैंक तथा गूगल पे के कस्टमर केयर प्रतिनिधि बताकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को धर दबोचा।


छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। तकनीकी जांच में इनके मोबाइल नंबरों और आईएमईआई नंबरों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज होने की जानकारी मिली है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सदाम अंसारी पूर्व में भी साइबर थाना कांड संख्या 80/25 में जेल जा चुका है।
पुलिस बरामद मोबाइल और डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी। देवघर पुलिस ने लोगों से किसी भी अनजान कॉल, लिंक या एपीके फाइल से सावधान रहने तथा साइबर ठगी की शिकायत तत्काल हेल्पलाइन 1930 पर दर्ज कराने की अपील की है।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.


