साहिबगंज में तीन दिवसीय विशेष प्रमाण-पत्र शिविर संपन्न, 12 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त
स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र के लिए सबसे अधिक 6,522 आवेदन
साहिबगंज जिले में जाति, आय और स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र बनाने के लिए आयोजित तीन दिवसीय विशेष शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। 15 से 17 जून तक चले इस अभियान में कुल 12,516 आवेदन प्राप्त हुए।
साहिबगंज: शैक्षिक सत्र, सरकारी नियुक्तियों, छात्रवृत्तियों और जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए आवश्यक जाति, आय एवं स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र समय पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा सभी पंचायतों में चलाया गया तीन दिवसीय विशेष शिविर बुधवार को संपन्न हो गया।
यह विशेष शिविर 15 जून से 17 जून 2026 तक पंचायत सचिवालय स्तर पर आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने भाग लिया। पंचायत स्तर पर ही आवेदन की सुविधा मिलने से लोगों को प्रखंड और जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़े।


शिविर में प्रतिनियुक्त कर्मियों और वीएलई संचालकों ने आवेदकों के आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर ऑनलाइन आवेदन दर्ज किए। आवेदकों को तत्काल प्राप्ति रसीद भी प्रदान की गई, जिससे वे अपने आवेदन की स्थिति ट्रैक कर सकें।
प्रशासन का कहना है कि यह शिविर विद्यार्थियों के नामांकन, छात्रवृत्ति और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रमाण-पत्र समय पर उपलब्ध कराने में मददगार साबित होगा। इससे ग्रामीणों को सरकारी सेवाएं पंचायत स्तर पर ही उपलब्ध हो सकीं।
जिला प्रशासन ने अभियान की सफलता के लिए प्रखंड प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों, राजस्व कर्मियों, वीएलई-सीएससी संचालकों तथा आम नागरिकों का आभार व्यक्त किया है। प्रशासन ने कहा कि भविष्य में भी सरकारी सेवाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से लोगों तक पहुंचाने के लिए ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.


